भारत बंदः ट्राइसिटी में मिलाजुला असर, कांग्रेस व सीपीआई ने चंडीगढ़-दिल्ली हाईवे किया जाम

CHANDIGARH: तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ संघर्ष कर रहे किसानों के भारत बंद के आह्वान का आज चंडीगढ़, पंचकूला व मोहाली (ट्राइसिटी) में मिलाजुला असर रहा है। कई स्थानों पर बाजार बंद रहे तो गैर भाजपाई दलों ने प्रदर्शन कर केंद्र की भाजपा सरकार के विरुद्ध रोष जताया। कांग्रेस व सीपीआई कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़-अम्बाला हाईवे पर जाम लगाकर किसानों की मांगों का जोरदार समर्थन व्यक्त किया। इस दौरान चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा तथा इंटक के पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष कुलबीर सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद थे।

हल्लोमाजरा चौक पर इंटक के पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष कुलबीर सिंह के नेतृत्व में मौजूद कांग्रेसजन।
भारत बंद के आह्वान का चंडीगढ़ में असर।

कांग्रेस व सीपीआई के कार्यकर्ता सुबह दस बजे ही हल्लोमाजरा चौक पर पहुंच गए और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस के बेरीकेड सड़क के बीच लगा दिए। किसी भी तरफ से वाहनों को चंडीगढ़ में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इससे जाम की स्थिति पैदा हो गई। इसके कारण लोगों को समय से अपने दफ्तर पहुंचने में दिक्कत हुई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल हुईं। उधर, चंडीगढ़ के अलावा पंचकूला व मोहाली में भी कई स्थानों पर दुकानें बंद दिखीं। मोहाली जिले में किसानों ने सड़कों पर बैठकर अपना रोष जताया। चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी ने भी रोष प्रदर्शन कर किसानों की मांगों का समर्थन किया। पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र संगठनों ने भी कैंपस में किसानों के समर्थन में प्रदर्शन किया। सेक्टर-26 में सब्जी मंडी के आढ़तियों ने भी किसानों का समर्थन करते हुए रैली निकाली। मोहाली में पेट्रोल पंप भी बंद दिखे।

किसानों के समर्थन में पंजाब यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन करते स्टूडैंट्स।
error: Content can\\\'t be selected!!