आदमपुर उपचुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी भारतीय जनता पार्टी: मनोहर लाल

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना बोले-महज पिता-पुत्र ही कर रहे हैं आदमपुर उपचुनाव में प्रचार

CHANDIGARH, 31 OCTOBER: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आदमपुर उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी। आदमपुर क्षेत्र में भाजपा का चुनाव प्रचार तेजी से जारी है। इसी कड़ी में वह खुद भी चुनाव प्रचार करने के लिए आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे।

एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आदमपुर में कांग्रेस के उम्मीदवार के पक्ष में महज भूपेंद्र सिंह हुड्डा व दीपेंद्र सिंह हुड्डा पिता-पुत्र को छोड़कर उनकी पार्टी का कोई बड़ा राजनीतिक चेहरा चुनाव प्रचार नहीं कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को आदमपुर चुनाव में कोई स्थानीय चेहरा नहीं मिला। इस वजह से उन्होंने कैथल से जयप्रकाश (जेपी) को मैदान में उतारा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वही भारतीय जनता पार्टी ने आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय उम्मीदवार भव्य बिश्नोई को मैदान में उतारा है, जो एक युवा चेहरा हैं। भव्य बिश्नोई के समर्थन में भाजपा जोरदार प्रचार कर रही है। उनकी जीत निश्चित है।

हिमाचल प्रदेश में भी जीत दर्ज करेगी भारतीय जनता पार्टी

एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करेगी। वहां भाजपा के पक्ष में अच्छा वातावरण बना हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने के बाद हिमाचल प्रदेश में कुछ ऐसा माहौल बन गया है कि वहां बारी-बारी नहीं बल्कि बार-बार भाजपा की सरकार बनेगी।मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस के उम्मीदवारों पर तंज कसते हुए कहा कि उन पर तो आज भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!