भाजपा ने बबला को दी बड़ी जिम्मेदारी, बनाया चंडीगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष

बबला ने पार्टी नेतृत्व, अध्यक्ष अरुण सूद, प्रभारी दुष्यंत गौतम व सांसद किरण खेर का धन्यवाद व्यक्त किया

CHANDIGARH, 15 JULY: नगर निगम चुनाव-2021 के बाद मेयर चुनाव के मौके पर कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व पार्षद देविंदर सिंह बबला का छह महीने के भीतर ही चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा में कद बढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने पार्टी प्रभारी दुष्यंत गौतम की सलाह से देवेंद्र सिंह बबला को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए भाजपा का चंडीगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।

यह जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि देवेंद्र सिंह बबला शहर के लोकप्रिय नेता हैं व जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़े हुए हैं। वह भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। पूर्व में दो बार पार्षद व मार्किट कमेटी के चेयरमैन रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा ज्वाइन की थी। जैन ने कहा कि उनके अनुभव और लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें पार्टी में नई जिम्मेदारी दी गई है ।

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि बबला को यह जिम्मेदारी दिए जाने से पार्टी की कार्यशैली में मजबूती आएगी व पार्टी को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा। वहीं, देवेंद्र सिंह बबला ने पार्टी द्वारा उनमें विश्वास जताए जाने पर पार्टी नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, प्रभारी दुष्यंत गौतम व सांसद किरण खेर का धन्यवाद व्यक्त किया है तथा विश्वास दिलाया कि उनको जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाएंगे। गौरतलब है कि बबला के साथ उनकी धर्मपत्नी पार्षद हरप्रीत कौर बबला भी कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गई थीं। वह कांग्रेस की टिकट पर दिसंबर-2021 में पार्षद चुनी गई थीं।

error: Content can\\\'t be selected!!