अपनी निश्चित हार के डर से ओच्छे हथकंडे अपना रही है भाजपा सरकार: कांग्रेस

चंडीगढ़ प्रशासन से इजाजत न मिलने पर कांग्रेसजनों ने अपने पार्टी कार्यालय की छत पर चढ़कर किया प्रदर्शन

CHANDIGARH, 30 MARCH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी के बैंक खाते फ्रीज किए जाने और आयकर विभाग द्वारा लगातार नोटिस भेजे जाने को लेकर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि भारत के लोकतंत्र को विफल करने के लिए भाजपा सरकार अवैध और हताशा भरे प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता आज आयकर विभाग द्वारा कांग्रेस पार्टी को 1823 करोड़ रुपए का भुगतान करने के लिए ताजा नोटिस दिए जाने के विरुद्ध लामबंद हुए थे।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने भाजपा के तानाशाही रवैये के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की इजाज़त देने से इन्कार करने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन की भी आलोचना की, जिसके कारण कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को अपने पार्टी कार्यालय की छत पर चढ़कर भाजपा के विरोध में नारे लगाकर, थाली बजाकर और काले झण्डे लहराकर प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ा।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच़एस लक्की ने कहा कि एक सरासर अन्यायपूर्ण और मनमानी कार्रवाई करते हुए आयकर विभाग ने कांग्रेस पार्टी के पिछले आठ वर्षों के आयकर मामलों को फिर से खोल दिया है, जिनका पहले ही न्यायसंगत आंकलन हो चुका था। लक्की ने कहा कि ऐसा इसलिए किया गया कि कांग्रेस पार्टी धन की कमी के कारण आगामी आम चुनाव न लड़ सके। लक्की ने कहा कि भाजपा जानबूझ कर प्रमुख विरोधी पार्टी को निशाना बनाकर देश में लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश कर रही है। इसी तरह की हताशा पूर्ण कार्रवाई से यह भी संकेत मिलता है कि भाजपा देश में तेजी से अपनी जमीन खो रही है और आने वाले चुनाव में देश की जनता उसे सत्ता से बाहर को तैयार बैठी है, जिसका अंदेशा उसे हो चुका है। भाजपा सरकार अपनी निश्चित हार के डर से ओच्छे हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भाजपा द्वारा देश में विरोधी दलों के खिलाफ केंद्रीय एजेन्सियों का दुरूपयोग किए जाने के खिलाफ अपना विरोध आगे भी जारी रखने का फैसला किया है।

विरोध प्रदर्शन में भाग लेने वाले प्रमुख कांग्रेसजनों में जीएस कम्बोज, एसए खान, राजीव मौदगिल, अच्छे लाल गौड़, जाहिद परवेज़ खान, सचिन गालव, बीरेंद्र रावत, नरिंदर नंदी, सुरजीत ढिल्लों, सागर सिंह, संजीव गाबा, सुभाष गहलोत, मनोज लुबाना, राहुल वासु, सुभाष पाल, बलविंदर कौर, सुलेमान, गुरदर्शन सिंह, अजय कुमार, हरजिंदर सिंह, आनंद वालिया, मुकेश, रणजोत सिंह, सोनिया जायसवाल, सतबीर सांगवान, राकेश बरोटिया, सरबजीत कौर और विक्टर सिद्धू शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!