चंडीगढ़ में भाजपा ने संकल्प पत्र ‘मोदी की गारंटी’ का किया लोकार्पण

भारत में 2004 से 2014 तक होती थी सिर्फ स्कैम की बातः संजय टंडन

जल्द जारी होगा चंडीगढ़ का संकल्प पत्र, लोगों से लिए जा रहे हैं सुझावः मल्होत्रा

CHANDIGARH, 25 APRIL: चंडीगढ़ लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन ने कहा कि 2004 से 2014 तक कांग्रेस सरकार में स्कीमों पर नहीं स्कैम पर काम हो रहा था,जबकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल में सिर्फ स्कीमों पर काम हुआ है। गुरुवार को भाजपा का संकल्प पत्र मोदी की गारंटी का चंडीगढ़ में लोकार्पण के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा और भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन मीडिया से रू-ब-रू हुए और संकल्प पत्र के मुख्य बिंदुओं पर प्रकाश डाला। साथ ही यह भी जानकारी दी कि जल्द चंडीगढ़ जनता के सुझावों पर आधारित चंडीगढ़ भाजपा का संकल्प पत्र भी तैयार कर जारी किया जाएगा। इसके लिए चंडीगढ़ लोकसभा क्षेत्र वासियों और प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधियों से सुझाव मांगे जा रहे हैं। इन्हीं सुझावों के आधार पर यह संकल्प पत्र के रूप में जारी होगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के पिछले संकल्प पत्र में से 90 प्रतिशत से अधिक को सफलता के साथ पूरा करने का काम किया है,जबकि भारत की जनता जानती हैं कि पिछली सरकारों के घोषणा पत्रों पर कितने सवाल उठते थे। संजय टंडन ने कहा कि भाजपा अपने लक्ष्य एक बार फिर मोदी सरकार और 400 पार की ओर इसलिए बढ़ रही है,क्योंकि 2004 से 2014 तक देश में सिर्फ स्कैम स्कैम स्कैम की बात होती थी,जबकि 2014 से 2024 तक देश की प्रगति और लोकहित में सिर्फ स्कीम स्कीम स्कीम पर तेजी से काम हुआ है। यह संकल्प पत्र 15 लाख लोगों के सुझाव से बना है,जो कि अगले पांच वर्षों में भारत की दशा और दिशा को बदल कर रख देगा,क्योंकि इसमें कुछ महत्वपूर्ण चीजें सामने से दिखती है,अगर इसकी गहराई में जाएं देश की प्रगति का पूरा रोडमैप सामने होगा।इसमें सोशल नेटवर्क सेगमेंट है,फिजिकल सेगमेंट में और डिजिटल सेगमेंट पर फोकस किया है।

संजय टंडन ने कहा कि मोदी भारत को ग्लोबल सेक्टर के रुप में देखना चाहते हैं।ग्लोबल इंजीनियरिंग,क्वालिटी और क्वांटिटी, आयुष्मान योजना के लाभ पात्रों में 70 वर्ष आयु से ऊपर के हर वर्ग लोगों को भी पांच लाख रुपये तक की चिकित्सा सुविधा का लाभ जैसी अनेक योजनाएं हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक मुद्रा लोन 10 लाख था,लेकिन अब 20 लाख और तीन करोड़ महिला दीदियों को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य शामिल है। उन्होंने कहा कि जिसे कोई नहीं पूछता, उसे मोदी पूजते हैं,फिर चाहे वह रेहड़ी फड़ी वाले हों या अन्य।मोदी सरकार विकास और विरासत दोनों क्षेत्रों के लिए कार्य कर रही है। हैरीटेज और इको टुरिज्म के क्षेत्र को आगे बढ़ाने की योजना है।

टंडन ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी मनीष तिवारी को संविधान बचाने की ललक जागी है और लोकतंत्र के हनन का राग अलाप रहे हैं,लेकिन उन्हें जनता के बीच जाकर बताना चाहिए कि धारा 370 पर वह किसके साथ थे,भारत की आजादी के बाद 1977 तक लोकतंत्र का जितना हनन कांग्रेस की सरकारों में हुआ, उतना कभी हो नहीं सकता।खुद उनके पिता आपातकाल के दौरा में 19 माह जेल रहे और उन जैसे लाखों लोगों को तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने एक फैसला आने के बाद जेलों में ठूंसने का काम किया और साथ ही साथ इनके परिवारों को भी तरह तरह की यात्नाएं दी गई थी।उन्होंने तिवारी को दो टूक कहा कि जो लोग शीशे के घरों में रहते हैं,वह दूसरों पर पत्थर नहीं मारते…।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि पिछले दस वर्षों में मोदी सरकार के कार्यकाल में नौकरी लेने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बड़ी संख्या में तैयार हुए हैं। हिंदुस्तान में पांच लाख किलोमीटर हाईवे बने हैं।पंजाब में आज कोई भी फसल एेसी नहीं है, जिसका रेट एमएसपी से ऊपर ना मिला हो। 2014 से पहले आए दिन भारत के किसी ना किसी प्रदेश में बम फटा करते थे,लेकिन मोदी सरकार के कार्यकाल में ना केवल आतंकवाद पर रोक लगी है,बल्कि पड़ौसी देश पाकिस्तान और चीन की हरकतों पर विराम लगा है।आज पाकिस्तान की हिम्मत भी नहीं है कि वह भारत की ओर नापाक इरादे से देखे।कश्मीर भारत का हिस्सा रहेगा की नहीं,पहले यह भय बना रहता था। आज माहौल बदला है। मोदी सरकार ने इस भय से मुक्ति दिलाने का काम धारा 370 हटा कर किया। भारत की मजबूती को देखते हुए आज पीओके की बात होने लगी है। आज 80 करोड़ गरीब लोगों को हर माह मुफ्त राशन दिया जा रहा है।50 करोड़ से ज्यादा लोग जनधन योजना से जुड़े हें और इन जनधन खातों में 80 हजार करोड़ रुपये पड़े हैं।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि चंडीगढ़ में 500 करोड़ की लागत से एशिया का सबसे शानदार रेलवे स्टेशन का कार्य प्रगति पर है। कांग्रेस के दिवंगत नेता राजीव गांधी खुद कहा करते थे कि सरकार सौ पैसे भेजती हैं तो उसमें से 19 पैसे पैसे जनता तक पहुंचते हैं,लेकिन मोदी सरकार में बिचौलियों के लिए कुछ नहीं बचता। शतप्रतिशत योजनाओं का पैसा योजनाओं पर खर्च हो रहा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल की सरकार को दस साल हो चुके हैं,लेकिन इन दस वर्षों में उन्हें दिल्ली के सीवरेज सिस्टम की याद नहीं आई,लेकिन जेल जाने के बाद ना केवल उन्हें सीवरेज सिस्टम की याद आई है,बल्कि उसे ठीक किया जाएगा,यह दावा जेल से कर रहे है। उन्होंने कहा कि इसी तरह के नेताओं से भारत की जनता मुक्ति चाहती है और तीसरी बार फिर मोदी सरकार और 400 पार का नारा लगा रही है।

error: Content can\\\'t be selected!!