भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का शोक संदेश लेकर पहुंचे राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ
CHANDIGARH, 19 JANUARY: चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन ने पंजाब के पूर्व सेहत मंत्री डॉ. बलदेव राज चावला की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने आज अमृतसर डॉ. बीआर चावला की रस्म क्रिया में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। संजय टंडन ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. चावला के निधन से पंजाब भाजपा की राजनीति के एक अध्याय का अंत हो गया है और उनके निधन से समाज समेत भाजपा को अपूर्णीय क्षति हुई है। दिवंगत डॉ. बीआर चावला ने पंजाब में वर्ष 1997 से 2002 तक भाजपा नेता संजय टंडन के पिता बलरामजी दास टंडन के साथ बतौर मंत्री सेवाएं दी थी। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का शोक संदेश लेकर रस्म क्रिया में शामिल हुए।
गौरतलब है कि डॉ. बलदेव राज चावला का गत दिवस निधन हो गया था। उनकी रस्म क्रिया/उठाला आज अमृतसर में दोपहर 1 से 2 बजे तक प्रेम आश्रम स्कूल बेरी गेट में हुआ। उनके अकस्मात निधन से प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है। आज उनकी रस्म क्रिया में भाजपा नेता संजय टंडन समेत पंजाब भाजपा के अन्य दिग्गज नेता और विधायक पहुंचे।
दिवंगत भाजपा नेता डॉ. बलदेव राज चावला का जीवन परिवार के साथ-साथ राष्ट्र को समर्पित रहा है। वह विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए पंजाब में आतंकवाद के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रधान बने। फिर पंजाब के काले दिनों में हिन्दू-सिख एकता के लिए अपनी जान की परवाह न करते हुए पंजाब वासियों की भलाई के लिए कार्यरत रहे।
गौरतलब है कि स्वर्गीय डा. चावला नेत्र विषेशज्ञ थे और उनकी धर्मपत्नी डा. शकुंतला चावला महिला रोग विशेषज्ञ हैं। उनके दोनों सपुत्र डा.जयंत चावला व डा. राम चावला शहर के सुप्रसिद्व डाक्टर हैं।

