भाजपा नेता संजय टंडन ने सोलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की जनसभा-रोड शो की तैयारियों का लिया जायजा

CHANDIGARH, 4 JANUARY: हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी एवं चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन आज हिमाचल प्रदेश के शहर सोलन में 5 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के होने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए पहुंचे। उन्होंने सोलन में आयोजित की जा रही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जनसभा और शहर से गुजरने वाले उनके रोड शो की तैयारी का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिम्मेदार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जनसभा और रोड शो में भारी जन सैलाब के उमड़ने के अंदेशे पर सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा भी की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी त्रिलोक कपूर महासचिव, रतन सिंह पाल जिला अध्यक्ष, तिलक राज शर्मा प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष, तरसेम भारती, सुशील राठौर प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!