कहा-मोदी की छवि चमकाने के उद्देश्य से सेना की वीरता और कुर्बानियों का इस्तेमाल करना चाहती है भाजपा
CHANDIGARH, 16 MAY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने कुछ भाजपा नेताओं द्वारा सेना पर दिए गए आपत्तिजनक बयानों की निंदा करते हुए कहा है कि भाजपा नेता अपने राजनीतिक लाभ के लिए भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को नीचा दिखाने की नीयत से अवांछनीय और अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं।
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता राजीव शर्मा ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा दिया गया अत्यंत निंदनीय बयान कि भारतीय सेना को मोदी के सामने झुकना चाहिए, जानबूझकर और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मौन स्वीकृति से दिलवाया गया है, क्यों कि भाजपा सेना की वीरता और कुर्बानियों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हित साधने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि चमकाने के उद्देश्य से करना चाहती हैं ।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के एक के बाद एक नेता भारत की रक्षा सेनाओं के बारे में बयान दे रहे हैं, जिसका उद्देश्य आगामी चुनाव में भाजपा के लिए वोट का इन्तजाम करना है। उन्होंने कहा कि जहां पूरी दुनिया आतंकवाद के आकाओं को हराने के लिए भारतीय सेना की प्रशंसा कर रही है, वहीं भाजपा और उसके नेता देश की रक्षा सेनाओं द्वारा हाल ही में दिखाए गए युद्ध कौशल और सामरिक व्यूह रचना को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।

