पीएम मोदी के जन्मदिन से गांधी जयंती तक चंडीगढ़ में भाजपा मनाएगी सेवा पखवाड़ा

17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक नरेन्द्र मोदी के व्यक्तिव एवं कृतित्व पर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी: अरुण सूद
आयोजन कमेटी का संयोजक देवेंद्र सिंह बबला को बनाया गया

CHANDIGARH, 7 SEPTEMBER: भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसी कड़ी में चंडीगड़ में भी भाजपा द्वारा सेवा पखवाडा मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों के लिए आज चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय कमलम में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशाध्यक्ष के अलावा संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु, महामंत्री रामवीर, चन्द्रशेखर, मेयर सरबजीत कौर ढिल्लों सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री तथा सभी पार्षद उपस्थित रहे।

यह जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चन्द जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम के सही ढंग से क्रियान्वयन के लिए प्रदेश स्तर पर एक कमेटी का गठन किया गया है। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह बबला संयोजक होंगे। उनके अलावा डॉ. हुकम चन्द, अनूप गुप्ता, अमित जिंदल व विजय राणा कमेटी के सदस्य रहेंगे। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 20 वर्षों का मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में सेवा और सुशासन को समर्पित कार्यकाल गरीबों के कल्याण एवं भारत को वैश्विक नेतृत्वकर्ता बनाने पर केन्द्रित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से पार्टी द्वारा शुरू किए जा रहे सेवा पखवाडे़ के अन्तर्गत बूथ स्तर तक सेवा व अन्य विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीब कल्याण को समर्पित है। सरकार की सेवा व गरीब कल्याण की नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में मोदी के प्रति जनता के मन में विश्वास और भी अधिक गहरा हुआ है। 17 सितम्बर को उनके जन्मदिन के अवसर पर पार्टी द्वारा सेवा पखवाड़ा शुरू किया जा रहा है। सेवा पखवाड़ा के अन्तर्गत विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से पार्टी जनसरोकार के कार्यों से जुडे़गी।

बैठक में तय किया गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा के तहत नरेन्द्र मोदी के व्यक्तिव एवं कृतित्व पर जिला स्तर पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही स्टाॅल लगाकर पार्टी कार्यकर्ता Modi@20 सहित मोदी के व्यक्तित्व व प्रशासनिक कार्यकुशलता से जुडे़ विषयों पर आधारित पुस्तकों को जनसामान्य तक पहुंचाएंगे। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता ‘रक्तदान महादान‘ के संकल्प के साथ रक्तदान शिविर लगाकर रक्तदान करेंगे। इसके साथ ही सेवा पखवाड़ा के तहत प्रत्येक जिले में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। दिव्यांगों को कृतिम अंग तथा उपकरण वितरित किए जाएंगे। कोविड की बूस्टर डोज लेने के लिए जनता को प्रेरित करने के लिए टीकाकरण केन्द्रों पर स्टाॅल लगाकर पार्टी लोगों को जागरूक करेगी तथा लोगों को टीकाकरण केन्द्रों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। इसके अलावा पार्टी सभी बूथों पर पौधारोपण अभियान चलाएगी तथा मंडल स्तर पर दो दिन स्वच्छता अभियान भी चलाएगी।

अरुण सूद ने बताया कि अमृत सरोवर की सफाई अभियान, जल सरंक्षण के उपाय हेतु घर-घर सम्पर्क, वोकल फॉर लोकल की खरीदारी तथा प्रदेशभर से प्रधानमंत्री के नाम अभिनंदन एवं शुभकामनाएं पत्र लिखवाए जाएंगे। इसके अलावा 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती तथा 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के कार्यक्रम भी किए जाएंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!