चेतावनी दी- चंडीगढ़ पर प्रॉपर्टी टैक्स की बढ़ोत्तरी थोपी गई तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन करेगी
CHANDIGARH, 27 FEBRUARY: आम आदमी पार्टी (AAP) के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह ने चंडीगढ़ में प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाए जाने की तैयारी को भाजपा की तानाशाही बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह जनता के साथ अन्याय है। विजय पाल सिंह ने कहा कि जब नगर निगम हाउस ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था तो बीजेपी इसे जबरन लागू करवाने की साजिश क्यों कर रही है ? यह लोकतंत्र और जनता के अधिकारों का खुला अपमान है।
विजय पाल सिंह ने कहा कि यह प्रस्ताव मेयर के साइन के बिना निगम हाउस में लाया गया, जो यह दर्शाता है कि बीजेपी अपने ही पार्षदों और मेयर की राय को भी दरकिनार कर तानाशाही चला रही है। विजय पाल सिंह ने कहा कि बीजेपी सरकार बड़े पूंजीपतियों के करोड़ों के कर्ज माफ कर रही है, लेकिन आम जनता, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर टैक्स का बोझ बढ़ा रही है। बड़े बकायेदारों से कोई वसूली नहीं की जाती है, लेकिन आम जनता पर टैक्स थोपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम में बढ़ते भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए जनता पर बोझ डाला जा रहा है। बीजेपी सत्ता व प्रशासनिक ताकत का दुरुपयोग कर रही है और जनप्रतिनिधियों की राय को नजंरंदाज कर रही है।
विजय पाल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की मांग है कि प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाने की साजिश तुरंत रोकी जाए। बड़े बकायेदारों से करोड़ों रुपए की बकाया राशि वसूली जाए। नगर निगम में भ्रष्टाचार रोका जाए, ताकि जनता पर अनावश्यक टैक्स लगाने से बचा जा सके। विजय पाल सिंह ने कहा कि बीजेपी की तानाशाही के खिलाफ आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। अगर बीजेपी प्रशासन के साथ मिलकर चंडीगढ़ में जबरन प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ाने का प्रस्ताव लागू करने की कोशिश करेगी तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम जनता के लिए है, न कि कुछ भ्रष्ट नेताओं और अधिकारियों की जेबें भरने के लिए है।

