उलटा हो गया दीपा दुबे पर फायरिंग का मामला: पति पर दर्ज हुई एफआईआर, भड़की चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस, आंदोलन का ऐलान

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे पर कल रात उनके घर के बाहर हुए जानलेवा हमले के मामले ने आज अलग ही मोड़ ले लिया। पुलिस ने दीपा दुबे के पति समेत दुबे के पक्ष के ही पांच लोगों पर गोलियां चलाने और किराएदार युवकों से मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया है। इससे अब चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस भी भड़क गई है। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने विरोधियों के दबाव में पुलिस पर धक्का करने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है।

यह था मामला
गौरतलब है कि शहर के पुलिस-प्रशासन में कल आधी रात को उस समय अचानक हड़कंप मच गया था, जब चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे पर रात करीब साढ़े बारह बजे उनके घर के बाहर ही जानलेवा हमला होने की सूचना मिली। चंडीगढ़ के सेक्टर-15 में रहने वाली प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे की ओर से बताया गया था कि वह रात करीब साढ़े बारह बजे अपने घर आए कुछ मेहमानों को छोडऩे घर के बाहर आई थीं। इसी दौरान अचानक सामने पार्क में घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनको निशाना बनाते हुए उन पर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने एक के बाद एक पांच फायर किए लेकिन हमलावरों का निशाना सटीक नहीं लग पाया और दीपा दुबे, उनके साथ खड़े अन्य लोग व परिजन बाल-बाल बच गए थे। शोर मचाए जाने पर हमलावर अंधेरा का फायदा उठाकर फरार हो गए।

कहा था कि नयागांव से एक गाड़ी ने भी किया पीछा
दीपा दुबे स्थानीय निकाय चुनाव में भी इन दिनों सक्रियता से जुटी हुई थीं। वह खास तौर से नयागांव और बलटाना में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रही थीं। दीपा दुबे ने बताया था कि कल वोटिंग के दिन भी वह इन दोनों इलाकों में सक्रिय थीं। जब वह नयागांव से लौट रही थीं तो हरियाणा के रजिस्ट्रेशन नंबर की एक गाड़ी उनकी गाड़ी का पीछा भी कर रही थी लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया था। इसके अलावा उनकी घर में ऊपरी मंजिल पर रह रहे दो लड़कों से भी कहासुनी हो गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी गई थी। दीपा दुबे पर जानलेवा हमले की सूचना पाकर कल रात ही उनके घर पहुंची पुलिस को मौके से चली हुई गोलियों के दो खोल भी मिल गए थे। इसके अलावा पुलिस ने दो लड़कों को संदिग्ध मानकर हिरासत में भी ले लिया था लेकिन आज यह मामला ही उलट गया। पुलिस ने सोमवार को दीपा दुबे के पति मनु दुबे समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

यह कहा गया एफआईआर में
यह एफआईआर चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे के घर में किराए पर रहने वाले युवक की ओर से दर्ज कराई गई है, जिसमें कहा गया है कि जब रात को वह बाहर से लौटा तो मनु दुबे ने उसे रोककर टोका-टाकी की। इससे दोनों में कहासुनी हो गई। यह बात उसने अपने दोस्तों को बताई तो वह भी मौके पर आए गए और झगड़ा हो गया। इसके बाद वह और उसके दोस्त अपनी कार व अन्य सामान उठाने आए तो मनु दुबे व चार अन्य लोगों ने उन पर फायरिंग की। उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई।

हमारी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की, उलटे हमारे ही खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली पुलिस ने: दीपा दुबे
चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने इस मामले में पुलिस पर अपने विरोधियों के दबाव में पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने जिन लड़कों के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी, उस पर पुलिस ने अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की और न ही कोई उचित कार्रवाई की, जबकि शिकायत दो बार दी गई। उन्होंने अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा की भी गुहार लगाई थी लेकिन उलटे उनके (दीपा दुबे) पति मनु दुबे समेत उनके पक्ष के पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली। दीपा दुबे ने कहा कि यह सरासर धक्का है। चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस इसके खिलाफ आवाज उठाएगी और डीजीपी से मांग करेगी कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इस जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

error: Content can\\\'t be selected!!