कैट ने प्रधानमंत्री मोदी से 22 जनवरी को राम राज्य दिवस व राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने का आग्रह किया

22 जनवरी को बाजारों में मनाई जाएगी दीवाली, जलाई जाएगी राम ज्योति: हरीश गर्ग

CHANDIGARH, 2 JANUARY: कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ( कैट) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आज एक ज्ञापन भेजकर आग्रह किया है कि भारतीय इतिहास के सबसे महान क्षणों में से एक 22 जनवरी को अयोध्या धाम में श्रीराम मंदिर के अभिषेक और उदघाटन को सदैव जीवंत रखने के लिए इस दिन को राम राज्य दिवस घोषित किया जाए तथा प्रत्येक वर्ष 22 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश भी घोषित किया जाए।

प्रधानमंत्री मोदी को भेजे एक ज्ञापन में कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीसी भरतिया एवं राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल एवं चंडीगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष हरीश गर्ग तथा महासचिव भीमसैन अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम निसंदेह भारत के सबसे महान राजा हैं, जिनके शासन में भारत के लोग न केवल समृद्ध और स्वस्थ हुए, बल्कि धर्म और भाईचारे में गहरी आस्था भी स्थापित हुई। वह काल भारत के स्वर्णिम सनातन इतिहास के महानतम कालों में से एक माना जाता है और चूंकि 22 जनवरी को श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर का उदघाटन हो रहा है, इसलिए उस दिन को राम राज्य की स्थापना का दिन मानते हुए इस दिन को राम राज्य दिवस घोषित किया जाना देशवासियों की आकांक्षाओं का सम्मान होगा।

हरीश गर्ग ने कहा कि यह बेहद महत्वूर्ण दिन श्रीराम के आदर्शों, नीतियों एवं मर्यादाओं को आत्मसात करने एवं अपनाने के लिए तथा भारत में राम राज्य सरीखे शासन एवं प्रशासन की स्थापना के लिए सदैव देशवासियों को प्रेरित करेगा और इस दृष्टि से इस दिन के महत्व को देखते हुए 22 जनवरी को राम राज्य दिवस घोषित किया जाए तथा अन्य महत्वपूर्ण दिनों पर सार्वजनिक अवकाश की परंपरा को जारी रखते हुए इस दिन को सार्वजनिक अवकाश दिवस भी घोषित किया जाए।

कैट के अनुसार श्रीराम मंदिर के उदघाटन समारोह ने देशभर में लगभग 50 हजार करोड़ रुपए से अधिक के नए व्यापार के अवसर उत्पन्न किए हैं, जो इस बात का स्पष्ट प्रतीक है कि देशभर में श्रीराम मंदिर को लेकर ज़बरदस्त उत्साह और उमंग है।

हरीश गर्ग और भीमसैन अग्रवाल ने कहा कि भारत का संपूर्ण व्यापारिक समुदाय, जो सनातन धर्म के लोकाचार और मूल्यों के प्रचार-प्रसार के मामले में हमेशा अग्रणी रहा है, इस महान दिन को मनाने के लिए बेहद उत्साहित है और इसलिए 1 जनवरी से 22 जनवरी तक कैट देश भर में एक राष्ट्रीय अभियान हर शहर अयोध्या-घर घर अयोध्या के अन्तर्गत अनेक कार्यक्रमों की एक राष्ट्रव्यापी श्रृंखला प्रारम्भ कर रहा है, जिससे देश का व्यापारी वर्ग यह सुनिश्चित करेगा कि श्रीराम का अभिषेक समारोह देश के अंतिम छोर तक पहुंचे। श्र राम ध्वजा का पूजन कर दुकान-दुकान संपर्क राष्ट्रीय अभियान का श्रीगणेश कर रहा है।

हरीश गर्ग ने बताया कि इस अभियान में देश के हजारों व्यापारी संगठन अपने बाजारों में दुकान-दुकान भ्रमण कर व्यापारियों एवं उनके कर्मचारियों को श्रीराम ध्वजा, श्रीराम पटका, स्टीकर, पोस्टर, श्रीराम टोपी, श्रीराम बैज देंगे। वहीं 1 जनवरी से 22 जनवरी की अवधि के बीच देशभर के बाजारों में हजारों की संख्या में श्रीराम संवाद, श्रीराम चौकी, श्रीराम फेरी सहित अनेक कार्यक्रम होंगे, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर 22 जनवरी को देशभर के बाजारों में वृहदस्तर पर दीपावली मनाई जाएगी तथा व्यापारियों एवं उनके कर्मचारियों के घरों में श्रीराम ज्योति भी जलाई जाएगी। इसके अलावा बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर एलईडी के माध्यम से 22 जनवरी को श्री अयोध्या धाम में होने वाले कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी आम लोगों को दिखाया जाएगा। गर्ग और अग्रवाल ने यह भी कहा कि देशभर में फैले व्यापारी संगठनों से कैट ने यह भी आग्रह किया है कि बाजारों में श्रीराम शोभा यात्रा भी निकाली जाए और श्रीराम मंदिर की स्थापना की स्मृति के रूप में बड़े स्तर पर श्रीराम मंदिर का मॉडल उपहारस्वरूप देने का भी एक अभियान चलाया जाए। हरीश गर्ग ने प्रधानमंत्री मोदी को भेजे ज्ञापन में यह भी कहा कि भारत में एक बार फिर सनातन धर्म की महिमा और गौरव को बहाल करने के ध्वजवाहक होने के लिए देश का व्यापारिक समुदाय उनका अभिनंदन करता है। सनातन के गौरव को पुनः स्थापित करने में अपने अथक प्रयासों, प्रतिबद्धता और समर्पण से मोदी ने अपना नाम सनातन भारत के सबसे महान सपूत के रूप में अंकित किया है, जिसे युगों-युगों तक याद किया जाएगा।

error: Content can\\\'t be selected!!