चंडीगढ़ प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल के वाहनों की रजिस्ट्रेशन पर लगी रोक 27 नवम्बर तक हटाई

चंडीगढ़ के प्रशासक से भाजपा नेताओं की मुलाकात के बाद ऑटो डीलर्स व आम लोगों को मिली राहत

प्रशासन जल्द ही इस दिशा में कोई स्थाई समाधान लाएगा: जतिंदर पाल मल्होत्रा

CHANDIGARH, 8 NOVEMBER: चंडीगढ़ में लागू की गई ईवी पॉलिसी को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ​​के नेतृत्व में आज भाजपा व चंडीगढ़ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित से मिला। प्रतिनिधिमंडल में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं हिमाचल भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन, अरुण सूद तथा ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल थे। इस मुलाकात के बाद प्रशासन ने चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल के वाहनों के रजिस्ट्रेशन पर लगाई गई रोक को फिलहाल 27 नवम्बर तक हटा लिया है। इससे चंडीगढ़ के ऑटोमोबाइल डीलर्स तथा आम लोगों को त्योहारी सीजन में बड़ी राहत मिल गई है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मल्होत्रा ​​ने बताया कि उन्होंने प्रशासक पुरोहित से सभी हितधारकों के साथ चर्चा के बाद इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) को नागरिक तथा व्यवसाय के अनुकूल बनाने और ईवी को लागू करने में जल्दबाजी न करने के लिए व्यापक समीक्षा की मांग की। साथ ही कहा कि जब तक ईवी के संबंध में कोई व्यावहारिक नीति नहीं आ जाती, तब तक प्रशासन को ईवी शुरू करने का इंतजार करना चाहिए।

मल्होत्रा ​​ने बताया कि प्रशासक ने हमें हमारी वास्तविक मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है और प्रशासन उचित विचार-विमर्श के बाद जल्द ही इस दिशा में कोई स्थाई समाधान लाएगा।

मल्होत्रा ने विश्वास दिलाया कि 27 नवंबर के बाद भी इस पॉलिसी पर पुनर्विचार किया जाएगा तथा लोकहित में जो भी फैसला होगा, वह करवाया जाएगा। इसके लिए ऑटोमोबाइल डीलर्स ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा व भाजपा पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद किया है।

error: Content can\\\'t be selected!!