भाजपा के शासन में चंडीगढ़ प्रशासन गरीबों के साथ कर रहा धक्केशाहीः दीपा दुबे

चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने मलोया कालोनी पार्ट-2 में सुनी लोगों की समस्याएं

CHANDIGARH: मलोया कालोनी पार्ट- 2 में आज चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने महिलाओं की समस्याओं को सुना और उनके निवारण के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

हाउसिंग बोर्ड के कारण भारी समस्याओं का सामना कर रहे गरीब लोग

चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने बताया कि टिन शेड सेक्टर-52 तथा सेक्टर-56 के जिन लोगों को 3 हजार रुपए मासिक किराए पर घर अलॉट किए गए हैं, उन्हें चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। घर शिफ्ट करने के बाद महिलाओं का काम छूट गया और और जो व्यक्ति काम पर जाते थे उनका व्यवसाय दूर होने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति पर भारी असर पड़ रहा है। दीपा दुबे ने कहा कि इन लोगों को दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि मलोया पार्ट-2 में कालोनी नंबर-4 शिफ्ट कर जो घर अलॉट हुए हैं, उनकी किस्त तो 800 से 900 रुपए तक है लेकिन इन लोगों का किराया 3,000 रुपए प्रति माह है।

मोदी सरकार गरीबों के साथ कर रही अन्याय

दीपा दुबे ने प्रशासन से पूछा कि इन गरीब लोगों के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है ? अगर मकान खाली हैं तो जिन लोगों का बायोमेट्रिक सर्वे हुआ, उनको मकान अलॉट क्यों नहीं किया जा रहा ? सिर्फ पैसा कमाने के लिए बीजेपी के नेता और मोदी सरकार गरीबों के साथ अन्याय पर अन्याय कर रही है। दीपा दुबे ने कहा कि कोरोना महामारी में एक तरफ तो गरीब लोगों के रोजगार चले गए व दूसरी तरफ वह घरों में एक-एक दाने के लिए लोग मोहताज हैं। इस स्थिति में इन गरीब लोगों को घरों से बेघर कर दिया गया है। दुबे ने आरोप लगाया कि सिर्फ राजनीति के लिए लोगों को गुमराह करना और उनको आत्मिक चोट देना ही बीजेपी के नेताओं का लक्ष्य रहा है। चंडीगढ़ की सांसद एक बार भी चुनाव जीतने के बाद नहीं दिखीं। न ही कोरोनाकाल में सांसद ने चंडीगढ़ के नागरिकों की सुध ली। आज जहां बिजली और पानी के रेट बढ़ाए जा रहे हैं, वहीं गार्बेज कलेक्टर अपने रोजगार को बचाने के लिए नगर निगम के सामने धरने पर बैठे हैं। भाजपा नेता उनके इन घरों की समस्या सुलझाने का कोई भी विचार नहीं कर रहे।

मलोया कालोनी पार्ट-2 में महिलाओं को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे।

बीजेपी सरकार का झूठ व फरेब सामने आ गया

दीपा दुबे ने स्पष्ट रूप से कहा कि तानाशाही शासन नहीं चल सकता। जनता ही भाजपा को जिताने वाली थी और आज जनता के सामने बीजेपी सरकार का झूठ व फरेब सामने आ गया है। सिर्फ गरीब इंसान को इन लोगों ने वोट बैंक तक ही इस्तेमाल किया और अब समय आने पर लोगों को घरों से बेघर कर दिया। अंत में दीपा दुबे और मलोया पार्ट-2 के नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द मकानों का किराया कम किया जाए, ताकि यह लोग अपना जीवन अच्छे से व्यतीत कर सकें और जो सौतेला व्यवहार अभी तक किया जा रहा है उसको खत्म किया जाए। दीपा दुबे ने कहा कि यह सब लोग दिहाड़ीदार हैं। प्रशासन को चाहिए कि इनकी घरों की किस्तों को जमा कराने के लिए व आधार कार्ड, वोटर कार्ड बनवाने के लिए मलोया पार्ट-2 में प्रशासन की तरफ से कैंप लगाए जाएं, ताकि हर व्यक्ति को यह सुविधा प्रदान हो सके।

बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन की दी चेतावनी

दीपा दुबे ने यह भी कहा कि अगर गरीब परिवारों की प्रशासन ने सुध न ली तो चंडीगढ़ में प्रशासन के खिलाफ बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। दुबे ने कहा कि यह मकान कांग्रेस की देन हैं और लोगों के साथ प्रशासन का अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता चंडीगढ़ के नागरिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उनके अधिकारों के लिए खड़ा है। इस मौके पर मेहराज बानो, राहुल, ज्ञानचंद, अयोध्या प्रसाद, सविता, कविता, शांति देवी, निखिल, विकास, रानी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!