चंडीगढ़ वालों का है चंडीगढ़, इस पर किसी और का कोई अधिकार नहींः अरुण सूद

कहा, डेपुटेशन पर आने वाले अधिकारियों का चंडीगढ़ से कोई लगाव नहीं होता, चंडीगढ़ को अलग राज्य का दर्जा मिलना चाहिए

CHANDIGARH, 5 APRIL: भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की घोषणा के बाद चंडीगढ़ में सेंट्रल सर्विसेज रूल्स को लागू करने के लिए कमेटी का गठन किया गया, इसका चंडीगढ़ के 23000 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। उसके बाद चंडीगढ़ के कर्मचारियों में हर्ष का माहौल देखने को मिला। चंडीगढ़ के कई कर्मचारी संगठनों ने इसका समर्थन किया। यहां तक कि चंडीगढ़ के डॉक्टर्स ने खुशी में होली मनाई। कई और एसोसिएशंस ने प्रेस नोट देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया।

अरुण सूद ने सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रैंस को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान चंडीगढ़ में सेंट्रल सर्विस रूल्स लागू होने पर ओछी राजनीति कर रहे हैं और झूठ बोल रहे हैं, क्योंकि 1990 से पहले भी चंडीगढ़ में सेंट्रल सर्विस रूल्स लागू थे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि क्षेत्रफल के हिसाब से चंडीगढ़ में न ही पंजाब का कोई हिस्सा है और न ही हरियाणा का कोई हिस्सा है। हम चंडीगढ़ की जनता की तरफ से मांग करते हैं कि चंडीगढ़ चंडीगढ़ वासियों का ही है, हमारी यहां पर तीन पीढ़ियां हो चुकी हैं और हमारे बच्चे अब इतने काबिल हो गए हैं कि वह चंडीगढ़ की बागडोर खुद संभाल सकते हैं, उनको अब मौका मिलना चाहिए।

अरुण सूद ने कहा कि चंडीगढ़ में डेपुटेशन पर आने वाले अधिकारियों का चंडीगढ़ से कोई लगाव नहीं होता। वह अपनी पूरी टीम के साथ आते हैं, जिसके कारण चंडीगढ़ के बच्चों को मौका नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ राजनीति के लिए नहीं है। बीजेपी चंडीगढ़ की मांग है कि पंजाब और हरियाणा की अलग राजधानी हो और चंडीगढ़ की जनता यह भी मांग करती है कि हमारी अपनी विधानसभा होनी चाहिए। चंडीगढ़ देश में अपनी एक पहचान रखता है, इसलिए चंडीगढ़ को अलग राज्य का दर्जा मिलना चाहिए।

प्रेस वार्ता में चंडीगढ़ की मेयर सरबजीत कौर, प्रदेश महामंत्री रामवीर और चंद्रशेखर तथा भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नरेश अरोड़ा भी उपस्थित थे। अरुण सूद ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि उन्होंने मेेयर सरबजीत कौर से कहा है कि हमारी संवैधानिक संस्था नगर निगम के हाउस में 2 प्रस्ताव लेकर आएं। एक तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के धन्यवाद का और दूसरा चंडीगढ़ को अपनी विधानसभा देने की मांग का हो।

error: Content can\\\'t be selected!!