चंडीगढ़ भाजपा ने मौलीजागरां में निकाली तिरंगा यात्रा, केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी पहुंचीं

पहले किसी ने तिरंगे को इतना सम्मान नहीं दिया: लेखी

CHANDIGARH, 13 AUGUST: आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने आज मौलीजागरां में केंद्रीय विदेश एवं सांस्कृतिक मामलों की राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। भाजपा के चंडीगढ़ प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि तिरंगा यात्रा में केंद्रीय मंत्री के अलावा भाजपा प्रदेश महामंत्री रामवीर, पार्षद बिमला दुबे, हरजीत सिंह, मनोज सोनकर, पूर्व पार्षद अनिल दुबे, जिला अध्यक्ष मनीष भसीन मन्नू, जिला महामंत्री संजीव वर्मा, बीएस सैनी, मण्डल अध्यक्ष जेपी राणा, अरविंद सिंह, मुकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व आमजन ने हिस्सा लिया। यह तिरंगा यात्रा रैली सुंदरनगर मौलीजागरां से शुरू होकर विकास नगर व इंडस्ट्रियल एरिया से होती हुई दरिया में पहुंचकर खत्म हुई।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमृत महोत्सव के दौरान हर घर पर तिरंगा लगाने की मुहिम चलाई गई है। हर घर तिरंगा लगाकर हम जहां अपने राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हैं, वहीं देश की आजादी के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अनेक स्वतंत्रता सेनानियों तथा स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक स्वतंत्रता सेनानी को नमन करते हैं। साथ ही साथ राष्ट्र के निर्माण में किसी भी प्रकार का सहयोग देने वाले सभी महापुरुषों को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले किसी ने तिरंगे को इतना सम्मान नहीं दिया, आज एक सौ तीस करोड़ भारतवासियों को तिरंगे का सम्मान करने का अवसर मिल रहा है।

error: Content can\\\'t be selected!!