लक्की के नेतृत्व में मजबूती की ओर बढ़ी चंडीगढ़ कांग्रेस, BSP के प्रदेश अध्यक्ष समेत कई बसपा नेता कांग्रेस में शामिल

CHANDIGARH, 22 JUNE: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस का प्रधान बदलने के कुछ ही दिन में आज कांग्रेस में बसपा के बड़े नेताओं ने ज्वाइन किया है। चंडीगढ़ प्रदेश बसपा के अध्यक्ष गुरचरण सिंह कंबोज व बसपा के वरिष्ठ नेता एसए खान ने चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की व कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल की मौजूदगी में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया।

गौरतलब है कि गुरचरण सिंह कंबोज ऑल इंडिया कंबोज महासभा के भी सीनियर उप प्रधान हैं। एसए खान बसपा चंडीगढ़ के उप प्रधान थे। वह प्रॉपर्टी फैडरेशन चंडीगढ़ के भी सीनियर उप प्रधान हैं। उनके अलावा अशोक बग्गा, जसपाल सिंह आदि कई बसपा नेताओं ने कांग्रेस का हाथ थामा। बसपा सुुप्रीमो मायावती की चंडीगढ़ में रैलियों के दौरान भी वह अहम चेहरा रहे हैं। चंडीगढ़ में उनके कांग्रेस ज्वाइन करने से 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को फायदा पहुंच सकता है। इस ज्वाइनिंग के मौके पर सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल और प्रदेश कांग्रेस प्रधान एसएच लक्की ने इन बसपा नेताओं और उनके समर्थकों का पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

अग्निपथ पर बोले बंसल

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने मोदी सरकार द्वारा आम सहमति बनाए बिना मनमर्जी से ‘अग्निपथ योजना’ लाकर सशस्त्र बलों की भर्ती और प्रशिक्षण प्रक्रियाओं में मनमाने ढंग से छेड़छाड़ करने की भी आलोचना की। बंसल ने कहा कि केंद्र की अग्निपथ स्कीम में 4 साल की सेवाएं बेहद कम हैं। कम से कम 16 साल की सेवाएं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे पहले मोदी सरकार ने 2 करोड़ नौकरियां देने का भी वादा किया था। हालांकि वह भी चुनावी जुमला साबित हुआ। उन्होंने कहा कि ईडी राहुल गांधी को रोज पूछताछ के लिए बुलाकर कांग्रेस पर दबाव बनाना चाहती है, ताकि वह भाजपा सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज न उठाए। वहीं, उन्होंने महाराष्ट्र सरकार की मौजूदा स्थिति पर कहा कि भाजपा लोकतंत्र का गला घोंट रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां देश के सामाजिक और राजनीतिक ताने-बाने में गहरी दरारें पैदा कर रही हैं और “मौजूदा केन्द्र सरकार का एकमात्र एजेंडा आर्थिक रूप से मध्यम और गरीब वर्गों की कीमत पर अमीर कॉरपोरेट के एक वर्ग की मदद करना है। बंसल ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे और मोदी द्वारा समय-समय पर पास किए जनविरोधी कानूनों जैसे कि 3 काले कृषि कानून, भूमि अधिग्रहण बिल और सीएए के विरोध में लगातार लड़ती रही है। भाजपा सरकार की यही नीतियां देश में मंदी, आर्थिक तंगी और अभूतपूर्व बेरोजगारी का कारण बन रही हैं। बंसल ने कहा कि देश में बिगड़ती आर्थिक स्थिति और बेरोजगारी की उच्चतम दर से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए सरकार अलग-अलग तरह के हथकंडे अपना रही है, जिसमें विपक्षी दलों के नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग शामिल है।

बसपा अपने मौलिक उद्देश्यों से भटक चुकी, बन गई भाजपा की बी टीमः गुरचरण सिंह कंबोज

इस अवसर पर गुरचरण सिंह कंबोज ने कहा कि एक सामन्तवादी विचारधारा की भारतीय जनता पार्टी के दबाव में आकर बहुजन समाज पार्टी अपने मौलिक उद्देश्यों से पूरी तरह भटक चुकी है। मायावती के नेतृत्व में बसपा भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है, जिसका निशाना केवल कांग्रेस के वोट काटकर बीजेपी की मदद करना है। कम्बोज ने सभी बसपा कार्यकर्ताओं से कांग्रेस पार्टी का समर्थन करने और उसमें शामिल होने की अपील की, जो सही मायने में एक समावेशी और बहुलवादी एजेंडे का पालन करती है। एसए खान ने भी 137 साल पुरानी पार्टी के मंच पर नए जोश के साथ चंडीगढ़ के लोगों की सेवा में खुद को शामिल करने का संकल्प लिया।

नगर निगम के कुप्रबंधन से चंडीगढ़ अपनी चमक खो रहाः लक्की

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम के कुप्रबंधन के कारण चंडीगढ़ तेजी से अपनी चमक खो रहा है। उन्होंने कांग्रेस में शामिल हुए बसपा नेताओं से शहर के खोए हुए गौरव को वापस लाने के लिए कांग्रेस पार्टी के मंच से अथक प्रयास करने का आह्वान किया।

error: Content can\\\'t be selected!!