राहुल गांधी के जन्मदिन पर चंडीगढ़ कांग्रेस ने लगाया लंगर व कोविड टीकाकरण शिविर, बच्चों को बांटी पुस्तकें

CHANDIGARH, 19 JUNE: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 52वें जन्मदिन के अवसर पर आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में समाज सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए। बता दें कि राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के कारण युवाओं में पैदा हुई दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति को देखते हुए अपना जन्मदिन तामझाम से नहीं मनाने का आग्रह किया था।

राहुल गांधी के जन्मदिवस पर कोविड टीकाकरण शिविर में टीका लगवाता एक व्यक्ति।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता एडवोकेट राजीव शर्मा ने बताया कि राहुल गांधी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने समाज के सभी वर्गों के लिए खुले लंगर का आयोजन किया, जिसमें चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारीयों ने बड़ी श्रद्धा से हजारों लोगों को लंगर परोसा। यह लंगर दोपहर 12 बजे से 2.30 बजे तक चला। लंगर की सेवा में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विक्रम शर्मा डिकी विशेष रूप से यहां पहुंचे।

राहुल गांधी के जन्मदिन पर बच्चों को पुस्तक वितरण के दौरान पार्षद जसबीर सिंह बंटी व अन्य।

इसके अलावा कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी, जसबीर सिंह बंटी और निर्मला देवी ने अपने-अपने वार्ड में कोविड टीकाकरण के तीन अलग-अलग शिविर आयोजित किए, जहां सैकड़ों लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कोविड के दूसरे व बूस्टर टीके लगाए गए। सरकारी मल्टी-स्पेशिएलिटी अस्पताल और डिस्पैन्सरियों के डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मचारियों ने इन शिविरों का संचालन किया। बाद में चिकित्सा कर्मचारियों ने उपस्थित लोगों से कुछ और समय के लिए कोविड उपयुक्त व्यवहार’ का सख्ती से पालन करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि खतरनाक महामारी को देश से जड़ से खत्म किया जा सके। बाद में पार्षदों द्वारा कम आयु वर्ग के प्रतिभागियों को ज्ञान और नैतिक शिक्षा से सम्बंधित पुस्तकों का मुफ्त वितरण किया गया।

error: Content can\\\'t be selected!!