चंडीगढ़ कांग्रेस ने इंदिरा गांधी और सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि, देश के प्रति उनके योगदान को याद किया

CHANDIGARH, 31 OCTOBER: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आयरन लेडी के नाम से विख्यात पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 38वीं पुण्यतिथि और लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी 147वीं जयंती पर आज भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कार्यक्रम की अगुआई की। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केवल सरदार पटेल और इंदिरा गांधी ही ऐसे दो महान कांग्रेस नेता थे, जिन्होंने आरएसएस पर देश और समाज को धार्मिक आधार पर बांटने वाली नीतियों के कारण प्रतिबंध लगा दिया था। सरदार पटेल ने तो संघ पर देश और समाज में एक ऐसा जहर फैलाने का आरोप लगाया, जिसके कारण महात्मा गांधी की दुखद हत्या हुई। कांग्रेस नेताओं ने भारत को परमाणु शक्ति बनाने के लिए इंदिरा गांधी की जमकर प्रशंसा की और कहा कि यह इन्दिरा गांधी का फौलादी सकंल्प ही था, जिसके कारण सारी दुनिया के विरोध के बावजूद भारत 1974 में पोखरण में अपना पहला परमाणु उपकरण का सफलतापूर्वक विस्फोट कर पाया। इससे पहले भी वह पश्चिमी ताकतों का कड़ा विरोध सहते हुए भी एक नया देश बांग्लादेश बनाकर पाकिस्तान को दो देशों में विभाजित करने का साहसिक निर्णय कर चुकी थी, जिसके लिए हर भारतवासी उनके आगे नतमस्तक है। इसके अलावा इंदिरा गांधी की दूर दृष्टि के कारण देश में हरित क्रांति का आग़ाज हुआ, जिसने देश को खाद्यान्न में आत्मनिर्भर बना दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने स्वतंत्र राज्यों के एकीकरण में सरदार वल्लभ भाई पटेल की भूमिका की सराहना की, जिसके कारण भारत एक आधुनिक, पुनरुत्थानवादी गणराज्य के रूप में पहली बार दुनिया के नक्शे पर स्थापित हो सका। लक्की ने कहा कि सरदार पटेल ने संघ और हिंदू महासभा द्वारा समाज में फैलाए जा रहे जहर को पहचान लिया था, जिसके कारण राष्ट्रपिता की दुखद हत्या हुई। लक्की ने कहा कि सरदार पटेल ने महात्मा गांधी की हत्या के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने का साहसिक निर्णय लिया और यह प्रतिबंध तभी उठाया जब संघ ने सरकार को लिखित रूप से वादा किया कि वह भविष्य में कभी भी राजनीतिक गतिविधियों में भाग नहीं लेगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन शर्मा ने सिक्किम को भारत का हिस्सा बनाने में इंदिरा गांधी की समझदारी और साहस की सराहना की। इस अवसर पर बोलने वाले अन्य नेताओं में भूपिंदर सिंह बडे़हरी, विनोद शर्मा, अनवर-उल-हक, ओपी वर्मा, विक्रम चोपड़ा, अच्छे लाल गौर, राजीव मौदगिल सोनू, भूपिंदर सिंह बूरा, रमेश आहूजा, हरफूल कल्याण, जसबीर बंटी, सुरजीत ढिल्लों, परवीन नारंग, राजदीप शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!