चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने प्रशासक से की मुलाकात, शहर के प्रमुख मुद्दों पर की चर्चा

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया

CHANDIGARH, 21 MAY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने आज पंजाब राजभवन में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान चंडीगढ़ से संबंधित कई महत्वपूर्ण और ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान लक्की ने हाल ही में शहर में धार्मिक स्थलों को गिराने के प्रस्ताव से उपजे जनाक्रोश को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासक से आग्रह किया कि इस प्रकार के मामलों में संवेदनशील और समावेशी दृष्टिकोण अपनाया जाए, ताकि साम्प्रदायिक सौहार्द और जनविश्वास बना रहे। इसके अलावा, उन्होंने नगर निगम चंडीगढ़ को मिलने वाली लंबित और अपर्याप्त धनराशि के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने नगर निगम की सुचारू कार्यप्रणाली और जनसेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए समय पर आर्थिक सहायता की आवश्यकता पर बल दिया। लक्की ने शहर में नगर निगम के अधीन आने वाली सड़कों की स्थिति की भी चर्चा की ।

एचएस लक्की ने लालडोरा के बाहर निर्माणों को नियमित करने, लैंड पूलिंग, शेयरवाइज रजिस्ट्री, हाउसिंग बोर्ड के निवासियों और उद्योगपतियों को भेजे गए नोटिस जैसे कई ज्वलंत मुद्दों को भी प्रशासक के समक्ष रखा। उन्होंने चंडीगढ़ के समग्र और समावेशी विकास की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि शहर के कई क्षेत्र ऐसे हैं, जिन्हें तत्काल प्रशासनिक ध्यान और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन की आवश्यकता है, ताकि नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सभी मुद्दों को गंभीरता और सहानुभूति से सुना और सकारात्मक रुख अपनाते हुए समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशासन की ओर से चंडीगढ़ के विकास और नागरिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता दोहराई। लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस शहर के नागरिकों की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और एक प्रगतिशील, समावेशी और सुशासित केंद्रशासित प्रदेश की दिशा में कार्य करती रहेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!