चंडीगढ़ कांग्रेस ने राहुल गांधी के प्रति दिखाई एकजुटता, नेहरू पार्क के सामने किया मौन सत्याग्रह

सच बोलने के कारण राहुल गांधी को निशाना बना रही मोदी सरकारः एचएस लक्की

CHANDIGARH, 12 JULY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करने के लिए यहां नेहरू पार्क सेक्टर-22 के सामने मौन सत्याग्रह किया। इस दौरान चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस के सभी प्रदेश पदाधिकारी, पार्षद, जिला अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, इंटक, एससी विभाग, अल्पसंख्यक विभाग के प्रमुख और सैकड़ों अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 11 बजे से मौन व्रत पर बैठ। सभी कांग्रेसजनो ने अपने मुंह पर काला रिबन बांधकर लोगों को संदेश दिया कि मोदी सरकार विपक्ष की आवाज को बंद करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेसजनों ने अपने हाथों में भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां और पार्टी के झंडे भी उठाए हुए थे। यह मौन सत्याग्रह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा किए गए राष्ट्रव्यापी आह्वान का हिस्सा था।

सत्याग्रह के बाद कार्यक्रम में शामिल कांग्रेसजनों और अन्य लोगों को धन्यवाद देते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि राहुल गांधी आम जनता के हितों के लिए लड़ रहे हैं और लोगों की दुर्दशा को उजागर करने के लिए आवाज उठा रहे हैं लेकिन सच बोलने की वजह से उन्हें मोदी सरकार द्वारा निशाना बनाया जा रहा है। लक्की ने कहा कि आज आम आदमी महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था से त्रस्त है। उसके लिए दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में राहुल गांधी लोगों के लिए बोल रहे हैं लेकिन उनकी आवाज को दबाया जा रहा है। लक्की ने कहा
आज राहुल गांधी को सार्वजनिक चिंताओं को उठाने से रोकने के लिए उनके खिलाफ कई झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है और आखिरकार सच्चाई की जीत होगी। लक्की ने कांग्रेसजनों से भारी बारिश के कारण संकट में फंसे लोगों की मदद करने और जरूरतमंदों को राशन तथा भोजन उपलब्ध कराने की भी अपील की। उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम से भी चंडीगढ़ के निवासियों को राहत प्रदान करने के अपने प्रयास तेज करने का अनुरोध किया।

इस मौन सत्याग्रह में प्रमुख रूप से चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंदर सिंह बड़हेरी, पूर्व मेयर कमलेश बनारसीदास, हरफूल चंद कल्याण, राज नागपाल, बीएम खन्ना, मनोज लुबाना, रवि ठाकुर, मीनाक्षी चौधरी, अच्छेलाल गौड़, डा. ओपी वर्मा, पार्षद जसबीर सिंह बंटी, गुरबख्श रावत, तरुणा मेहता, आसिफ चौधरी समेत तमाम कांग्रेसजन मौजूद रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!