चंडीगढ़ कांग्रेस ने खुड्डा लाहौरा और खुड्डा जस्सू में रुकवाई मकानों को तोड़ने की कार्रवाई, वापस लौटना पड़ा बुलडोजरों को

लोगों ने भाजपा व मोदी सरकार के खिलाफ की नारेबाजी, कांग्रेस अध्यक्ष लक्की-बोले जनता के साथ अन्याय नहीं होने देंगे

CHANDIGARH, 10 SEPTEMBER: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज खुड्डा लाहौरा और खुड्डा जस्सू में प्रशासन की ओर से शुरू किए जाने वाले मकानों को तोड़ने के अभियान को स्थानीय लोगों के सहयोग से विफल कर दिया। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, सचिव सीटीसीसी राजदीप सिद्धू और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुरिंदर सिंह इन दोनों गांवों के डरे सहमे निवासियों के आह्वान पर तुरंत मौके पर पहुंचे। तब तक चंडीगढ़ एस्टेट कार्यालय के अफसर, भारी पुलिस बल और बुलडोजरों के साथ मकानों को तोड़ने की तैयारी कर चुके थे। इस दौरान आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा चंडीगढ़ प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को वहां से वापस जाने को मजबूर कर दिया।

कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी से उत्साहित दोनों गांवों के लोगों ने बुलडोजरों के सामने लेटकर चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों को आगे नहीं बढ़ने दिया।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के उस वायदे की हकीकत है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगस्त 2022 तक प्रत्येक भारतीय के पास अपना घर होगा। मोदी ने न केवल देश के लोगों से झूठा वायदा किया, बल्कि पहले से पिछले कांग्रेस शासन के दौरान बसे लोगों को उजाड़ना भी शुरू कर दिया। लक्की ने कहा कि प्रशासन ने मनमाने ढंग से जिन घरों को गिराने के लिए चिन्हित किया था, उन्हें उसी प्रशासन द्वारा पानी और बिजली के कनेक्शन स्वीकृत किए गए हैं। लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस जनता के साथ अन्याय नहीं होने देगी और इन दोनों गांवों के निवासियों के हितों की रक्षा के लिए हर शांतिपूर्ण उपाय का सहारा लेगी। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने भी चंडीगढ़ प्रशासन से भाजपा के इशारे पर गरीब लोगों को परेशान नहीं करने का आग्रह किया।

error: Content can\\\'t be selected!!