चंडीगढ़ कांग्रेस का राजभवन कूचः पुलिस ने पानी की बौछार व लाठीचार्ज कर कांग्रेसियों को रोका, 200 गिरफ्तार

हम किसानों और सभी भारतीयों की आवाज उठाते रहेंगे, लाठियां और पानी की तोपें कांग्रेस को रोक नहीं सकतींः छाबड़ा

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज यहां पंजाब राजभवन का घेराव करने के लिए अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के एक जोरदार विरोध मार्च का नेतृत्व किया। यह मार्च मोदी सरकार द्वारा पारित तीन फार्म बिलों के विरोध में पूरे भारत में कांग्रेस पार्टी के ‘राजभवन चलो’ आह्वान के तहत किया गया था। यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल और चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के अलावा सभी पूर्व कांग्रेसी मेयर, नगर निगम हाउस में विपक्ष के नेता और कांग्रेस पार्षद देविंदर सिंह बबला, चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष लव कुमार और एनएसयूआई के फ्रंटल संगठन प्रमुख अपने कार्यकर्ताओं के साथ विरोध मार्च में शामिल हुए। 

राजभवन कूच के दौरान मार्च का नेतृत्व करते हुए पूर्व केंद्रीय मेंत्री पवन कुमार बंसल व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा व अन्य नेता।

हम लोकतंत्र के लिए खतरनाक समय की ओर बढ़ रहे हैंः पवन बंसल

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा कि मोदी सरकार और भाजपा के नेता किसानों के प्रति जिस तरह से उदासीन और अहंकारपूर्ण व्यवहार कर रहे हैं, उससे पता चलता है कि हम लोकतंत्र के लिए खतरनाक समय की ओर बढ़ रहे हैं और इस समय यह हर देशभक्त भारतीय का कर्तव्य है कि वह उठे और किसानों की आवाज बने। 

गिरफ्तारी के दौरान चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा व अन्य कांग्रेसजन।

सत्ता में आने पर नए कृषि कानूनों को रद्द करेगी कांग्रेसः प्रदीप छाबड़ा

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछले कई महीनों से किसानों और विभिन्न प्लेटफार्मों पर उनकी चिंताओं के मुद्दों को उठा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता में आने के बाद कांग्रेस किसानों की मांगों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी और इन ड्रोकॉनियन कृषि बिलों को निरस्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम किसानों और सभी भारतीयों की आवाज उठाते रहेंगे। लाठियां और पानी की तोपें कांग्रेस को नहीं रोक सकतीं।

पुलिस से झड़प के दौरान कांग्रेसजन।

पुलिस से काफी देर हुई झड़प

इससे पहले सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंजाब राजभवन का घेराव करने के लिए विरोध मार्च शुरू किया तो रास्ते में चंडीगढ़ पुलिस ने बैरीकेड, वाटर कैनन और लाठीचार्ज का उपयोग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने और तितर-बितर करने का प्रयास किया लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वापस लौटने से इंकार कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से काफी देर तक झड़प हुई। शाम तक लगभग 200 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और हर भारतीय किसानों के समर्थन में खड़ा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार और भाजपा नेतृत्व के अहंकार तथा तानाशाही रवैये से किसानों का सत्याग्रह हारेगा नहीं।


error: Content can\\\'t be selected!!