चंडीगढ़ जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की बैठकः पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण से संबंधित कई प्रस्ताव रखे गए

डीसी ने सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया

CHANDIGARH, 10 JUNE: चंडीगढ़ जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की बैठक आज डिप्टी कमिश्नर एवं बोर्ड के अध्यक्ष निशांत कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें ब्रिगेडियर बीएस ढिल्लों (सेवानिवृत्त), स्टेशन मुख्यालय चंडीगढ़ के प्रतिनिधि लेफ्टिनेंट कर्नल संजीव शर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल आरके सिंह (सेवानिवृत्त), केके शारदा (सामाजिक कार्यकर्ता) और कर्नल एचएस घुमन (सेवानिवृत्त) जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने भाग लिया।

इस अवसर पर बोर्ड ने भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। गहन विचार-विमर्श के बाद बोर्ड ने कई प्रस्तावों को चंडीगढ़ प्रशासन के विचारार्थ और आवश्यक अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया। इनमें अनुग्रह/मुआवजे की राशि बढ़ाने, युद्ध के दौरान शहीद होने वाले रक्षा सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक बलों के सैनिकों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की दर मौजूदा 50 लाख रुपए से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपए करने, सरकारी भर्ती में अग्निवीरों के लिए आरक्षण, राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उनकी सेवा और प्रतिबद्धता को मान्यता देते हुए चंडीगढ़ प्रशासन के अंतर्गत ग्रुप ‘बी’ और ग्रुप ‘सी’ पदों के लिए सभी सीधी भर्ती में अग्निवीर उम्मीदवारों के लिए अतिरिक्त 10% आरक्षण, शारीरिक क्षति (घातक) के लिए एक नई वित्तीय सहायता योजना शुरू करने, उन रक्षा कार्मिकों, जो युद्ध के दौरान अपनी जान गंवा देते हैं और जिन्हें युद्ध के दौरान हुई दुर्घटनाओं के अलावा शारीरिक दुर्घटना के शिकार होते हैं, के निकटतम परिजनों को एकमुश्त 1 लाख रुपए वित्तीय सहायता प्रदान करने का प्रस्ताव शामिल है। बोर्ड ने उम्मीद जताई कि चंडीगढ़ प्रशासन इस मामले में उचित कदम उठाएगा तथा इन सिफारिशों के कार्यान्वयन के लिए शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया तथा जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारियों को मुख्य अभियंता, यूटी चंडीगढ़ के साथ समन्वय स्थापित कर निविदा जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा स्वीकृत योजना के अनुसार जीर्णोद्धार कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए।

error: Content can\\\'t be selected!!