मोदी की गारंटी और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर विपक्षी पार्षद स्वयं करेंगे भाजपा प्रत्याशियों को वोट: जतिंदर मल्होत्रा
CHANDIGARH, 21 JANUARY: चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस व आम आदमी पार्टी द्वारा मीडिया के माध्यम से भाजपा पर लगाए गए आरोपों को गलत करार देते हुए उल्टे आम आदमी पार्टी व कांग्रेस पर पार्षदों को धमकाने और उन्हें डर के माहौल में रहने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
आज यहां प्रदेश कार्यालय ‘कमलम’ में एक प्रैस कॉन्फ्रेंस कर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि पंजाब सरकार, आम आदमी पार्टी तथा कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने पार्षदों को डर के माहौल में रखा हुआ है। किसी पार्षद को अपना व्यक्तिगत फैसला नहीं लेने दिया जा रहा। पंजाब सरकार के मुख्य सचिव तथा पंजाब के मुख्यमंत्री के ओएसडी चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों को भी धमकियां दे रहे हैं तथा पार्षदों पर दबाव बना रहे हैं। पार्षदों को बंदी बना रखा है और अपने बीमार पारिवारिक संबंधी, जो हॉस्पिटल में दाखिल हैं, उनसे भी मिलने नहीं दिया जा रहा।
मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता पवन कुमार बंसल ने अपनी पार्टी के वर्कर्स के साथ तो धोखा किया ही है, साथ ही काउंसलर को भी बेचने का काम कर रहे हैं और हर प्रकार की ओछी राजनीति कर रहे हैं। मल्होत्रा ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासशील योजनाओं, उनकी गारंटी तथा भाजपा की लोककल्याणकारी नीतियों को देखकर पार्षद भाजपा के प्रत्याशियों को वोट देंगे।
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने बताया कि कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने स्वयं चंडीगढ़ में कांग्रेस और आप के गठबंधन को मौकापरस्ती का गठबंधन करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पवन कुमार बंसल और राघव चड्डा का निजी गठबंधन है, जिस वजह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस के कमांडो व आम आदमी पार्टी के 200 कार्यकर्ता शहर में घूमकर पार्षदों व उनके परिवारों को धमका रहे हैं। प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश चंद जैन, महासचिव हुकम चंद तथा सभी भाजपा पार्षद भी उपस्थित थे।

