चंडीगढ़ मेयर चुनाव: आज चंडीगढ़ के इतिहास का सबसे काला दिन- एचएस लक्की

पीठासीन अधिकारी पर आपराधिक मुकद्दमा दर्ज किया जाए: राजीव शर्मा

CHANDIGARH, 30 JANUARY: चंडीगढ़ कांग्रेस ने आज चंडीगढ़ मेयर के चुनाव में पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह द्वारा आठ वोटों को अमान्य करार दिए जाने की निंदा की है और इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने एक बयान जारी कर कहा कि आज चंडीगढ़ में मेयर के चुनाव में जो हुआ वह पहले कभी नहीं देखा गया। यह चंडीगढ़ के इतिहास का सबसे काला दिन है। एक चुनाव जीतने के लिए भाजपा और पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह इतना नीचे गिर गए। लक्की ने कहा कि यह स्पष्ट है कि अनिल मसीह ने कांग्रेस- AAP गठबंधन से जीत हासिल करने के लिए जानबूझकर वोटों पर निशान लगाकर उन्हें अवैध घोषित कर दिया। चंडीगढ़ की जनता सरकारी मशीनरी के इस तरह के जबरदस्त दुरुपयोग के लिए भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि ऐसा शायद लोकतन्त्र के इतिहास में पहली बार हुआ है कि पीठासीन अधिकारी, जो भाजपा के पदाधिकारी रहे हैं, द्वारा तानाशाही तरीके से कुल वोटों के 22% को ही अवैध घोषित कर दिया गया है। वहाँ मौजूद पार्षदों ने बताया कि ग़लत ढंग से अवैध घोषित किए बैलेट पेपरों को बीजेपी पार्षदों ने एक षडयन्त्र के तहत फा़ड़ दिया, ताकि बीजेपी की साजिश के सुबूत नष्ट हो जाएं।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन ने मीडिया को इस साल पहली बार मतदान प्रक्रिया देखने की अनुमति नहीं दी, जो निंदनीय है। पीठासीन अधिकारी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के एजेंटों को मतगणना प्रक्रिया देखने की अनुमति भी नहीं दी, जो कि भाजपा की षडयन्त्रकारी सोच को दर्शाता है। इससे काफ़ी हद तक स्पष्ट होता है कि भाजपा के इशारे पर चंडीगढ़ में मेयर चुनाव को हाईजैक करने और पटरी से उतारने की साजिश रची गई। चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने मांग की है पीठासीन अधिकारी पर उनके भाजपा को अवांछनीय राजनीतिक लाभ देने के लिए साजिश रचने के आरोपों के चलते आपराधिक मुकद्दमा दर्ज होना चाहिए और मेयर के आज के चुनावों को रद्द कर जल्दी ही नए चुनाव होने चाहिए।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा की तानाशाही और अलोकतांत्रिक नीतियों से कानूनी एवं राजनीतिक रूप से लड़ने का ऐलान किया है और चंडीगढ़ के नागरिकों से अपील की है कि वे देश में लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थानों के लिए भाजपा द्वारा उत्पन्न गंभीर खतरे को समझें और देश को बचाने के लिए पहले उपलब्ध अवसर पर वोट के जरिए भाजपा को उखाड़ फैंकें।

error: Content can\\\'t be selected!!