लोकसभा टिकट के लिए नामों पर विचार करने को चंडीगढ़ आई कांग्रेस की केंद्रीय टीम

प्रदेश चुनाव समिति के सदस्यों के अलावा टिकट के दावेदारों से भी की मुलाकात, पूर्व मेयर पाली नहीं पहुंचे केंद्रीय नेताओं से मिलने

CHANDIGARH, 12 FEBRUARY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की 25 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति ने आज पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्त चरण दास की अध्यक्षता में यहां सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में एक बैठक कर आगामी लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ सीट से टिकट के लिए आए आवेदनों पर विचार-विमर्श किया। साथ ही चंडीगढ़ की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की।

बैठक में प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला, पार्टी के वरिष्ठ नेता डीडी जिंदल, हरफूल कल्याण, पवन शर्मा, भूपिंदर सिंह बड़हेड़ी, जतिंदर भाटिया, गुरप्रीत सिंह गाबी, नंदिता हुड्डा, गुरबख्श रावत, अच्छे लाल गौड़, राजीव मोदगिल, एसए खान, यादविंदर मेहता, विक्रम चोपड़ा, राजदीप सिद्धू, दिलावर सिंह, सुरजीत ढिल्लों, जसबीर सिंह बंटी, डा. ओपी वर्मा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे, सचिन गालव, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनोज लुबाना और गुरचरण दास काला मौजूद रहे। इसके अलावा आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक के रूप में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर और राज्य सभा सांसद नीरज दांगी भी इस बैठक में शामिल हुए।

चुनाव समिति के सभी सदस्यों से सामूहिक रूप से मिलने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की टीम ने चंडीगढ़वासियों से संबंधित मुद्दों पर उनके विचार जानने के लिए व्यक्तिगत रूप भी उनसे मुलाकात की और उनके विचारों तथा सुझावों को सुना। कमेटी ने उन कांग्रेस नेताओं से भी मुलाकात की, जिन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए चंडीगढ़ से कांग्रेस के टिकट के लिए आवेदन किया है। इनमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की व पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के अलावा प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हरमेल केसरी, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनोज लुबाना, सतीश कुमार मचल शामिल हैं, जबकि छठवें आवेदक पूर्व मेयर रविंदर पाल सिंह पाली पार्टी की केंद्रीय टीम से मिलने नहीं पहुंचे। बताया जाता है कि वह विदेश में हैं।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की यह टीम चंडीगढ़ लोकसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार तय करने के लिए अपनी गोपनीय सिफारिश केंद्रीय स्क्रूटनी कमेटी को सौंपेगी। इसके बाद केंद्रीय स्क्रूटनी कमेटी अपनी सिफारिश पार्टी आलाकमान को देगी, तब कांग्रेस हाईकमान किसी एक कांग्रेस नेता को चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी का टिकट आवंटित करेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!