चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस को मिले नए जिलाध्यक्ष, जानिए 5 जिला इकाइयों में किसको मिली कहां की कमान

CHANDIGARH: नगर निगम चुनाव की तैयारियों में जुटी चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज अपनी जिला इकाइयों को नए अध्यक्ष दे दिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने हाईकमान की मंजूरी के बाद पार्टी के सभी 5 जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति करते हुए उन्हें अपनी जिला इकाइयों को नए सिरे से मजबूत करने का निर्देश दिया है। खास बात यह है कि नए जिलाध्यक्षों में पार्टी के पुराने नेताओं को ही तवज्जो दी गई है।

इन नेताओं को बनाया गया जिलाध्यक्ष

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नए जिलाध्यक्षों में जिला कांग्रेस कमेटी अर्बन-1 की कमान राजीव मोदगिल को दी गई है, जबकि जिला कांग्रेस कमेटी अर्बन-2 का अध्यक्ष जसबीर सिंह बंटी को बनाया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी अर्बन-3 के अध्यक्ष देविंदर गुप्ता बनाए गए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण का अध्यक्ष जीत सिंह बहलाना को नियुक्त किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी मनीमाजरा की कमान रामेश्वर गिरि को सौंपी गई है।

नए प्रदेश नेतृत्व में पहली सांगठनिक नियुक्ति

फरवरी में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदले जाने के बाद चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस में संगठन की दृष्टि से यह पहली नियुक्तियां हैं। इनका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था लेकिन प्रदेश नेतृत्व के बदलाव के बाद पार्टी में गहराए गुटीय हालात के चलते नई नियुक्तियों के लिए नए प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला को काफी माथापच्ची करनी पड़ रही है। अब तीन महीने बाद पार्टी हाईकमान ने नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को मंजूरी देकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस में नए सिरे से संगठन खड़ा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने नए जिलाध्यक्षों के नामों की सिफारिश चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत को भेजी थी। रावत ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की स्वीकृति के बाद इन नामों को हरी झंडी दे दी। अब चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की नई कमेटी का इंतजार है, जिसको लेकर पार्टी में सबसे ज्यादा मंथन हुआ है।

error: Content can\\\'t be selected!!