चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने लखीमपुर खीरी की घटना के विरोध में किया धरना-प्रदर्शन, BJP सरकार का पुतला फूंका

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अमित मिश्र के बेटे द्वारा किसानों की कथित हत्या को लेकर सेक्टर-35 में धरना प्रदर्शन किया। साथ ही भाजपा सरकार का पुतला फूंका।

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने किसानों की हत्या पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि लोकतंत्र में इस तरह कोई सरकार किसी की आवाज को दबा नहीं सकती। उन्होंने कहा कि अगर किसान तीन कृषि बिलों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे तो केंद्रीय मंत्री का बेटा उन पर गाड़ी चढ़ाकर उनकी आवाज नहीं दबा सकता।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज लखनऊ पहुंच रहे हैं, आज उन्हें लखीमपुर खीरी पहुंच कर मृतकों के लिए इंसाफ की बात करनी चाहिए। उन्हें अपने मंत्री को मंत्रिमंडल से हटा देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे को इस नरसंहार के मामले में जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि ऐसे नरसंहार के बाद भी आप कैसे अमृत महोत्सव में हिस्सा ले सकते हो। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीडी जिंदल, प्रदेश उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक, पवन शर्मा, दविंदर सिंह बबला, हरफूल कल्याण, पूर्व मेयर कमलेश बनारसी दास, गुरचरण दास काला, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता हरमोहिंदर सिंह लक्की, प्रवक्ता हरमेल केसरी, शीला फूल सिंह, मीनाक्षी चौधरी, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष दीपा दुबे, जागीर सिंह, जगजीत सिंह कंग, गुरबक्श रावत, रविंद्र गुजराल, अजय शर्मा, मनोज लुभाना, नसीब जाखड़, डा. ओपी वर्मा, विनोद शर्मा आदि कांग्रेस नेता शामिल हुए।

error: Content can\\\'t be selected!!