चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस ने सेक्टर-25 में मनाया महिला दिवस, महिला सफाई कर्मियों का किया सम्मान, हेलमेट भी बांटे

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस ने आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। इस मौके पर सेक्टर-25 में आयोजित किए गए कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चावला, युवा नेता मनीष बंसल, चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष दीपा दुबे और एरिया पार्षद शीला फूल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थीं। कार्यक्रम की आयोजक प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव ज्योति हंस थीं। इस दौरान सफाई कर्मचारी महिलाओं को कोरोना वारियर्स के रूप में सम्मानित किया गया।

दीपा दुबे ने उठाया महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा

इस मौके पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने कहा कि आज हर महिला अपनी सुरक्षा चाहती है। उन्होंने चंडीगढ के प्रशासक से मांग की कि अगर आप इस दिवस पर महिलाओं को कोई उपहार देना चाहते हैं तो हमें सुरक्षा प्रदान करें। उन्होंने यह भी मांग की कि गैस सिलेंडरों के बढ़े दाम कम किए जाएं और मिट्टी के तेल के जो डिपो बंद कर दिए गए हैं, उनको दोबारा खोल दिया जाए, ताकि जो गरीब लोग हैं व गैस सिलेंडर नहीं ले सकते, वह मिट्टी के तेल से स्टोव जलाकर अपने घरों में खाना बना सकें।

मनीष बंसल ने प्रदेश महिला कांग्रेस के कार्यों को सराहा

इस कार्यक्रम में सुभाष चावला, मनीष बंसल, दीपा दुबे व ज्योति हंस ने 50 महिलाओं को हेलमेट भी बांटे, ताकि दोपहिया वाहन चलाते समय उनकी सुरक्षा हो सके। युवा नेता मनीष बंसल ने कहा कि महिलाएं ही घर संभालती हैं, बच्चों को संभालती हैं, पिता को संभालती है। पत्नी के साथ मां का भी रोल बखूबी निभाती हैं। उन्होंने चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की सदस्यों का सत्कार किया और उनके जज्बे को सैल्यूट किया। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में जब सब लोग अपने घर में बैठे हुए थे, तब चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की सदस्य चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चंडीगढ़ की जनता के लिए काम कर रही थीं।

पार्टी में महिलाओं का सम्मान सर्वोपरिः सुभाष चावला

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि महिलाओं का सम्मान सबसे ऊपर है और कांग्रेस पार्टी भी महिलाओं को सर्वोपरि रखती है। श्रीमती इंदिरा गांधी जैसी महिलाएं इस पार्टी ने दीं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी महिलाओं के सम्मान के लिए बहुत कुछ किया। चावला ने अपील की कि अधिक से अधिक महिलाएं चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस के साथ जुड़ें। हर एक महिला सम्मान के योग्य है और सशक्त है। एक परिवार को जोड़ने वाली महिला हर कार्य करने में सक्षम है। सुभाष चावला ने ज्योति हंस और उनकी पूरी टीम को इस आयोजन के लिए बधाई दी। उपस्थित सभी महिलाओं ने शपथ ली कि आने वाले नगर निगम चुनाव में महिला कांग्रेस शहर में काग्रेस पार्टी को मजबूत करेगी और महिलाओं के साथ जो बर्बरता हो रही है, उनके प्रति अपशब्द बोले जाते हैं, कांग्रेस की महिलाएं उसका मुंहतोड़ जवाब देंगी। अंत में ज्योति हंस ने सभी अतिथियों व महिलाओं का धन्यवाद किया।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीडी जिंदल, भूपिंदर सिंह बड़हेरी, सरोज, मीनाक्षी, ममता , मीनू, राधा, ओम लता, पूजा, सविता, चंदा, बुशरा, दीपा नेता, मैरी, रेखा, चंचल, अंजू, अनुपम साहनी, सुनीता ग्रोवर, सविता, रेवा, ऊषा राणा, अंजलि, ओमपाल चावल, ओम प्रकाश सैनी, अशोक चौटाला, सतपाल बिल्ला, अश्वनी नरेश और सैंकड़ों महिलाएं मौजूद थीं।

error: Content can\\\'t be selected!!