अकादमी के नवनियुक्त उपाध्यक्ष डा. अनीश गर्ग के सम्मान में अभिनंदन गोष्ठी का किया गया आयोजन
CHANDIGARH, 11 AUGUST: संवाद साहित्य मंच चंडीगढ़ की ओर से आज सैक्टर-37 में शिरोमणि साहित्यकार प्रेम विज के निवास स्थान पर चंडीगढ़ साहित्य अकादमी के नवनियुक्त उपाध्यक्ष, वरिष्ठ कवि एवं कहानीकार डॉ. अनीश गर्ग के सम्मान में अभिनंदन गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर उन्हें अंग वस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं फूल मालाओं से सम्मानित किया गया। गोष्ठी में शहर की हिंदी व पंजाबी की आधा दर्जन से अधिक साहित्यिक संस्थाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. अनीश गर्ग ने कहा कि चंडीगढ़ साहित्य अकादमी के नवनियुक्त चेयरमैन डा. मनमोहन सिंह के सानिध्य में पुरातन साहित्य धरोहर एवं नव सृजन साहित्य के संगम और सामंजस्य से समाज में साहित्यिक संवाद और सौहार्द का वातावरण बनाया जाएगा। उनका भरसक प्रयास रहेगा कि नवोदित और वरिष्ठ रचनाकारों को समान अवसर एवं सशक्त अभिव्यक्ति का मंच प्रदान किया जाए।
संवाद साहित्य मंच के अध्यक्ष प्रेम विज ने कहा कि डॉ. अनीश गर्ग अच्छे साहित्यकार होने के साथ-साथ एक श्रेष्ठ सहृदय इंसान भी हैं। समाज सेवा में भी इनका अद्वितीय योगदान दिया है, जिसके चलते कोरोनाकाल में इनकी अथक सेवा को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने स्टेट अवार्ड दिया था।
इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित आचार्य कुल संस्था चंडीगढ़ और खादी सेवा संघ के अध्यक्ष केके शारदा ने कहा कि डॉ. अनीश की रचनाओं में जीवन के गहरे और अनुभवी पुट देखने को मिलते हैं। मंच के उपाध्यक्ष डॉ. विनोद शर्मा ने कहा कि डॉ. अनीश गर्ग की लेखनी में संवेदनाओं एवं मार्मिक स्पर्शों का अथाह सागर है। भंडारी अदबी ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक भंडारी नादिर ने कहा कि डॉ. अनीश गर्ग साहित्य जगत के ऐसे दीपक हैं, जो अपनी रचनाओं एवं सामयिक दृष्टिकोण से समाज में जागरूकता फैला रहे हैं। विश्व पंजाबी प्रचार सभा के अध्यक्ष रिटायर्ड प्रिंसिपल बहादुर सिंह गोसल ने कहा कि डॉ. अनीश गर्ग के आने से अकादमी और सक्रिय एवं गतिशील हो जाएगी।
साहित्य विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष गुरदर्शन सिंह मावी ने कहा कि चंडीगढ़ साहित्य अकादमी स्थानीय साहित्य के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। मंथन साहित्यिक संस्था के अध्यक्ष डॉ. सुशील हसरत नरेलवी ने कहा कि साहित्य अकादमी साहित्यकारों का उत्साहवर्धन करने को लगातार संपर्क में रहती है। संगीता साहित्य संगम की अध्यक्ष डॉ. संगीता शर्मा कुंद्रा ने भी डॉ. अनीश गर्ग को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर डॉ. प्रज्ञा शारदा, राज विज, डेजी बेदी, डॉ. उर्मिल कौशिक सखी, विमला गुगलानी, नेहा अरोड़ा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और डॉ. अनीश गर्ग को शुभकामनाएं दीं।

