आम आदमी पार्टी की चंडीगढ़ इकाई ने अपने कार्यालय के लिए प्रशासन से मांगी जमीन

शहर की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है AAP, प्रशासन ने जमीन नहीं दी तो नगर निगम की बैठक में लाएंगे प्रस्तावः प्रदीप छाबड़ा

CHANDIGARH, 3 AUGUST: आम आदमी पार्टी (AAP) की चंडीगढ़ इकाई ने अब प्रशासन से उसके कार्यालय के लिए जमीन अलॉट करने की मांग की है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने चंडीगढ़ प्रशासन को आम आदमी पार्टी के भवन के लिए जमीन देने को कहा है।

प्रदीप छाबड़ा ने आज यहां जारी एक बयान में कहा कि आम आदमी पार्टी मौजूदा समय में चंडीगढ़ की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। प्रशासन उसे अपने भवन के निर्माण के लिए चंडीगढ़ में जमीन देने से मना नहीं कर सकता, जबकि प्रशासन ने हाल ही में आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई को चंडीगढ़ में जमीन देने से मना कर दिया है।

प्रदीप छावड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम में आम आदमी पार्टी के 13 पार्षद हैं। निगम में AAP सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में चुनाव जीतकर आई है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में कई ऐसे राजनीतिक दलों को भी पार्टी कार्यालय के लिए जमीन मिली हुई है, जिनका चंडीगढ़ में कभी भी कोई सांसद नहीं बना। छाबड़ा ने चंडीगढ़ प्रशासन से राजनीतिक दलों को अपने भवन के लिए जमीन अलॉटमेंट करने के नियमों में बदलाव करने की मांग भी की है।

छाबड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ में जमीन अलॉटमेंट के नियम हर पार्टी के लिए अलग कैसे हो सकते हैं। छाबड़ा ने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ प्रशासन भाजपा के दबाव में काम कर रहा है, जबकि चंडीगढ़ में भाजपा और कांग्रेस की पंजाब इकाई के साथ-साथ चंडीगढ़ इकाई को भी अलग से पार्टी कार्यालय के लिए जमीन मिली हुई है। चंडीगढ़ में अकाली दल का कभी कोई सांसद नहीं बना, फिर भी उसे जमीन दी हुई है। प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि अगर प्रशासन आम आदमी पार्टी को कार्यालय के लिए जमीन नहीं दे सकता तो फिर आम आदमी पार्टी नगर निगम की बैठक में प्रस्ताव लाकर मांग करेगी कि निगम के पास मौजूद जमीन में से AAP की चंडीगढ़ इकाई को पार्टी कार्यालय के लिए जमीन अलॉट की जाए।

error: Content can\\\'t be selected!!