विपक्ष के नेताओं को डराने-धमकाने का प्रयास कर रही है भाजपा सरकार, हर मोर्चे पर करेंगे विरोधः दीपक लुबाना
CHANDIGARH, 18 MAY: चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने सांसद राहुल गांधी के खिलाफ बिहार के दरभंगा में दर्ज की गई एफआईआर को झूठा और राजनीति से प्रेरित बताते हुए आज यहां भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही कहा कि भाजपा की जनविरोधी, अलोकतांत्रिक और तानाशाही मानसिकता से अब पूरा देश तंग आ चुका है। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकास खन्ना के नेतृत्व में आयोजित किए गए इस विरोध प्रदर्शन में चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक लुबाना, उपाध्यक्ष रॉबी, सुखदेव, भानु प्रिया, प्रदेश महासचिव कपिल चोपड़ा, यतीन, आशु वैद, दीपक जैसवाल, जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, वार्ड अध्यक्ष विशाल, जग्गा, शादान ने विशेष रूप से उपस्थित होकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जोश को बढ़ा दिया।

भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट पर पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां भाजपा का पुतला भी फूंका तथा मोदी सरकार, तानाशाही और विपक्ष की आवाज दबाने की साजिशों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक लुबाना ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर उस संवाद कार्यक्रम से जुड़ी है, जिसका आयोजन अंबेडकर छात्रावास दरभंगा में दलित छात्रों द्वारा ‘शिक्षा न्याय संवाद’ के नाम से किया गया था। राहुल गांधी इस कार्यक्रम में आमंत्रित थे, जहां उन्होंने शिक्षा, सामाजिक न्याय और समान अवसरों के मुद्दों पर स्टूडैंट्स से संवाद किया था।
दीपक लुबाना ने इस एफआईआर को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला और संविधान की आत्मा के खिलाफ कदम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष के नेताओं को डराने-धमकाने का प्रयास कर रही है, लेकिन वह इसमें कभी सफल नहीं होगी।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक लुबाना ने कहा कि राहुल गांधी देश की युवाशक्ति, वंचित वर्ग और संविधान की लड़ाई के प्रतीक हैं। उनके खिलाफ किया गया हर प्रहार, दरअसल लोकतंत्र पर प्रहार है। यह लड़ाई अब सड़कों पर लड़ी जाएगी और भाजपा की अलोकतांत्रिक नीतियों का हर मोर्चे पर विरोध किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे दमनकारी कदम वापस नहीं लिए गए तो युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश और देशभर में उग्र आंदोलन करेगी।

