PPP मॉडल के तहत RWA को सौंपे जाएं चंडीगढ़ के कम्युनिटी सैंटरः सुभाष कटारिया

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के माध्यम से नगर निगम कमिश्नर को भेजा पत्र

निगम हाउस की अगली बैठक में इस आशय का प्रस्ताव एजेंडे में शामिल करने की मांग की

CHANDIGARH, 8 JUNE: चंडीगढ़ के प्रशासक की सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता सुभाष कटारिया ने नगर निगम कमिश्नर को एक पत्र भेजकर मांग की है कि नगर निगम का वित्तीय बोझ कम करने और राजस्व बढ़ाने के लिए PPP मॉडल के तहत शहर के कम्युनिटी सैंटर संबंधित क्षेत्र की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को सौंपा जाए। इसके लिए यह प्रस्ताव नगर निगम हाउस की आगामी बैठक के एजेंडे में शामिल किया जाए। सुभाष कटारिया ने यह पत्र चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के माध्यम से निगम कमिश्नर को भेजा है।

पत्र में सुभाष कटारिया ने कहा है कि सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए कम्युनिटी सैंटर के बुकिंग शुल्क में कोई वृद्धि न की जाए। इसके लिए मौजूदा दरें ही जारी रहें।
वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए एक निश्चित शुल्क लिया जा सकता है। इसके अलावा RWA प्रवेश शुल्क लगाकर या अन्य कानूनी तरीकों का उपयोग करके प्रदर्शनियों, खेल आयोजनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि के माध्यम से कम्युनिटी सैंटर के रखरखाव के लिए धन जुटा सकती हैं। इसके साथ ही रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल को अपनाया जा सकता है, जिसमें आय का एक हिस्सा नगर निगम को दिया जा सके।

कटारिया ने कहा कि इस पहल से नगर निगम पर कम्युनिटी सैंटरों के रखरखाव व संचालन का बोझ कम होगा, सामुदायिक केंद्रों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा, स्थानीय भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा और नगर निगम के लिए अतिरिक्त धनराशि जुटाई जा सकेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!