चरणजीव सिंह को फिर मिली चंडीगढ़ व्यापार मंडल की कमान, निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष, व्यापारियों ने किया जोरदार स्वागत

लोकप्रियता का आलमः 6वीं बार चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष बनने वाले अकेले व्यापारी नेता हैं चरणजीव सिंह, चौथी बार मुकाबले में कोई आगे नहीं आया चुनाव लड़ने

Election of Chandigarh Byopar Mandal CHANDIGARH, 1 FEBRUARY: चंडीगढ़ के व्यापारियों के सबसे बड़े संगठन चंडीगढ़ व्यापार मंडल (CBM) के अध्यक्ष के चुनाव में एक बार फिर वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं पूर्व मनोनीत पार्षद चरणजीव सिंह ने बाजी मार ली। उनको पुनः निर्विरोध रूप से चंडीगढ़ व्यापार मंडल की कमान सौंपी गई है। चरणजीव सिंह को लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। वह 6वीं बार चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने हैं। इतनी बार चंडीगढ़ व्यापार मंडल की कमान संभालने वाले चरणजीव सिंह अकेले व्यापारी नेता हैं।

चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष का चुनाव दो साल के लिए होता है। पिछला चुनाव 2021 में हुआ था। इसमें वरिष्ठ व्यापारी नेता एवं पूर्व मनोनीत पार्षद चरणजीव सिंह को निर्विरोध रूप से अध्यक्ष चुना गया था। इससे पहले उन्होंने एक चुनाव में सुखपाल सिंह बाबा डेयरी वालों को हराया था, दूसरे चुनाव में रविप्रकाश कांसल को पराजित करके जीत हासिल की थी, जबकि चार चुुनावों में चरणजीव सिंह को निर्विरोध रूप से चंडीगढ़ व्यापार मंडल का अध्यक्ष चुना गया है। यह स्थिति चंडीगढ़ के व्यापारियों में चरणजीव सिंह की लोकप्रियता को दर्शाती है।

एक बार फिर अध्यक्ष चुने जाने के बाद चंडीगढ़ व्यापार मंडल के सदस्यों को संबोधित करते हुए चरणजीव सिंह।

गत 28 जनवरी को सेक्टर-19 के कम्युनिटी सेंटर में हुई चंडीगढ़ व्यापार मंडल की एनुअल जनरल बॉडी मीटिंग (AGM) में संगठन के चेयरमैन सतपाल गुप्ता ने 2023-25 के लिए चंडीगढ़ व्यापार मंडल के नए अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा की थी। घोषित चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 1 फरवरी यानी आज इस चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि थी लेकिन मौजूदा अध्यक्ष चरणजीव सिंह के मुकाबले कोई अन्य चुनाव लड़ने के लिए आगे नहीं आया। लिहाजा, इलेक्शन पैनल में शामिल चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चेयरमैन सतपाल गुप्ता व संरक्षक एवं मुख्य प्रवक्ता दिवाकर साहूजा ने सेक्टर-30 स्थित अग्रसेन भवन में चरणजीव सिंह को वर्ष 2023-25 के लिए निर्विरोध रूप से चंडीगढ़ व्यापार मंडल का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया। इस तरह चरणजीव सिंह इस पद पर छठवीं बार, दूसरी बार लगातार तथा चौथी बार निर्विरोध चुन लिए गए।

चरणजीव सिंह के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा होते ही चंडीगढ़ के तमाम व्यापारियों ने चरणजीव सिंह को फूल-मालाओं से लाद दिया तथा उनका जोरदार स्वागत कर उन्हें बधाइयां व शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर चरणजीव सिंह ने उन्हें एक बार फिर चंडीगढ़ व्यापार मंडल का अध्यक्ष चुने जाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। साथ ही आश्वस्त किया कि चंडीगढ़ के व्यापारियों के हितों, उनके कल्याण तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वह अपने प्रयास पूर्व की भांति जारी रखेंगे। इसके अलावा चंडीगढ़ व्यापार मंडल की मजबूती के लिए निरंतर काम करते रहेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!