चंडीगढ़ व्यापार मंडल की कमान पुनः चरनजीव सिंह को, निर्विरोध हुए निर्वाचित

CHANDIGARH: शहर के व्यापारियों के सबसे प्रतिष्ठित संगठन चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चेयरमैन और शहर के बड़े व्यापारी नेता चरनजीव सिंह को एक बार फिर व्यापार मंडल का अध्यक्ष चुन लिया गया है। संगठन के प्रधान पद के चुनाव के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन की अंतिम तिथि तक चरनजीव सिंह के अलावा किसी अन्य ने अपनी उम्मीदवारी पेश नहीं की। लिहाजा, चरनजीव सिंह का चंडीगढ़ व्यापार मंडल के प्रधान पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया।

कद्दावर व्यापारी नेता हैं चरनजीव सिंह

चरनजीव सिंह चंडीगढ़ के कद्दावर व्यापारी नेता हैं। साथ ही चंडीगढ़ के व्यापारियों में उनकी लोकप्रियता भी खासी है। यही कारण है कि वह लंबे समय से चंडीगढ़ व्यापार मंडल के सर्वमान्य नेता बने हुए हैं। उनकी प्रतिष्ठा व कद को देखते हुए ही चंडीगढ़ व्यापार मंडल के प्रधान पद पर उनकी उम्मीदवारी के आगे कोई अन्य अपना नामांकन करने नहीं आया। चरनजीव सिंह इस समय नगर निगम सदन में मनोनीत पार्षद के रूप में शहर के व्यापारियों का प्रतिनिधित्व भी कर रहे हैं। वह इससे पहले चार बार चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष रह चुके हैं। इसमें तीन बार वह निर्विरोध ही चुने गए थे। अब चंडीगढ़ व्यापार मंडल के प्रधान के रूप में उनका पांचवां कार्यकाल होगा।

कोरोनाकाल के चलते देरी से हुआ चुनाव

इस बार कोरोनाकाल के चलते निर्धारित समय से देरी से हुए चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चुनाव के लिए बनाई गई कमेटी का चेयरमैन सतपाल गुप्ता को नियुक्त किया गया था। चुनाव कमेटी के सदस्यों में वरिष्ठ व्यापार नेता दिवाकर साहूजा, पुरुषोत्तम महाजन, संजीव चड्ढा व सुनील गुप्ता शामिल थे। सतपाल गुप्ता ने आज सेक्टर-30 स्थित अग्रसेन भवन में बुलाई गई चंडीगढ़ व्यापार मंडल की बैठक में संगठन के चुनाव परिणाम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यश्र पद के लिए कल नामांकन की अंतिम तिथि थी लेकिन चरनजीव सिंह के अलावा किसी अन्य ने नामांकन नहीं किया। लिहाजा, उन्होंने चरनजीव सिंह को चंडीगढ़ व्यापार मंडल का नया अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। गौरतलब है कि इससे पहले अनिल वोहरा चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष थे।

व्यापारियों की समस्याओं का शीघ्र कराएंगे समाधानः चरनजीव सिंह

बैठक में चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद चंडीगढ़ व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष चरनजीव सिंह का तमाम व्यापारियों ने फूल मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस बैठक में चंडीगढ़ व्यापार मंडल के डेढ़ सौ से ज्यादा सदस्य मौजूद थे। इस मौके पर चरनजीव सिंह ने कहा कि वह चंडीगढ़ व्यापार मंडल की और मजबूती के लिए काम करेंगे। वैसे तो चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने अब तक शहर के व्यापारियों की कई समस्याओं का समाधान करवाया है लेकिन जो भी मामले पैंडिंग हैं, उनको भी शीघ्र हल कराया जाएगा।

दिवाकर साहूजा बने मुख्य प्रवक्ता

चंडीगढ़ व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष चरनजीव सिंह ने संगठन के मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी वरिष्ठ व्यापारी नेता दिवाकर साहूजा को सौंपी है। दिवाकर साहूजा चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चेयरमैन तथा अध्यक्ष भी रह चुके हैं। चरनजीव सिंह ने कहा कि संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन भी शीघ्र किया जाएगा लेकिन नई कार्यकारिणी के गठन तक पुरानी कार्यकारिणी ही काम करती रहेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!