मुख्यमंत्री ने ‘हरियाणा खेल अकादमी’ बनाने का एलान किया

पंचकूला में देशभर के खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण केंद्र बनाएंगे
खेलो इंडिया के पदक विजेताओं को मिलेगी दोगुना पुरस्कार राशि 
खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का पंचकूला में भव्य समापन

CHANDIGARH, 13 JUNE: पंचकूला के इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के भव्य समापन अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा खेल अकादमी बनाने की घोषणा की। जिसमें देश भर के खिलाड़ी प्रशिक्षण ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए पंचकूला में एक होस्टल खोला जाएगा, जिसमें 200 खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था होगी। इसके जरिए खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के साथ ही उन्हें खेल में पारंगत करेंगे। मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया में हरियाणा के मेडल विजेता खिलाड़ियों को मिलने वाली ईनाम राशि को भी डबल करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को एक लाख रुपए, सिल्वर मेडल विजेता को 60 हजार रुपए और ब्रोंज मेडल लाने वाले खिलाड़ी को 40 हजार रुपए मिलेंगे। केवल यही नहीं उन्होंने खेलों में हिस्सा लेने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन के रूप में 5 हजार रुपए देने की घोषणा की।

खेलो इंडिया में हरियाणा के खिलाड़ियों का धाकड़ प्रदर्शन

मनोहर लाल ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ प्रतियोगिताओं का हरियाणा में आयोजन अत्यंत महत्व रखता है क्योंकि इस समय खेल जगत में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा की एक अलग पहचान है। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई कि हम सब मिलकर इस आयोजन को यादगार बनाने में सफल रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं के परिणाम से स्पष्ट है कि हरियाणा में खेल प्रतिभाओं की भरमार है। इसलिए हमने राज्य में कुछ विशेष खेल केन्द्रों को विकसित करने की अपेक्षा गांव-गांव खेल को बढ़ावा देने का काम किया है। हम आगे भी हर खिलाड़ी को सब खेल सुविधाएं प्रदान करेंगे और हरियाणा को खेलों की नर्सरी बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैने गत 4 जून को इन खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर कहा था कि जिस तरह से हरियाणा का जवान धाकड़ है, हरियाणा का किसान धाकड़ है और हरियाणा का पहलवान धाकड़ है। ठीक उसी प्रकार हमारे खिलाड़ी इन खेलों में प्रदर्शन भी धाकड़ करेंगे। मुझे खुशी है कि हमारे खिलाड़ियों ने मेरी इस बात को अक्षरशः साबित कर दिखाया।’

खेलो इंडिया से खिलाड़ियों की उम्मीदों को लगेंगे नए पंख

मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की और कहा कि आपने इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी दक्षता, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया है। पदक विजेता खिलाड़ियों को विशेष रूप से बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कामना की कि जीत के इस सिलसिले को कायम रखते हुए आप अन्तर्राष्ट्रीय फलक पर भी देश के गौरव को बढ़ाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सभी अनेक यादें साथ लेकर यहां से जाएंगे और खेलों की नर्सरी बन चुके हरियाणा की मिट्टी से एक ऐसा अनुभव भी लेकर जाएंगे, जो भविष्य में आपको बुलंदियों तक पहुंचाने में सहायक बनेगा। मनोहर लाल ने उम्मीद जताई कि ये खेलो इंडिया प्रतियोगिताएं नवोदित खिलाड़ियों की उम्मीदों को नए पंख लगाने का काम करेंगी। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि खेलो इंडिया केवल एक शुरुआत है। आपको इससे बहुत आगे जाना है। खेल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि आपके दैनिक जीवन में शामिल होने चाहिए, चाहे वे स्थानीय खेल ही क्यों न हों।

प्रदेश में 1100 खेल नर्सरियां खोली जा रही

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्राम स्तर से लेकर राज्य स्तर पर खेलों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया है। प्रदेश में साल भर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए खेल कैलेंडर भी तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पदक विजेता खिलाड़ियों को सर्वाधिक नकद पुरस्कार राशि देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों में खेल संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से प्रदेश में 1100 खेल नर्सरियां खोली जा रही हैं। इससे राज्य के लगभग 25000 नवोदित खिलाड़ी लाभान्वित होंगे। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बचपन से ही तराशने की नीति पर काम कर रही है। हम खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृत-संकल्प हैं।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के सफल आयोजन के लिए हरियाणा को बधाई

इस अवसर पर केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के सफल आयोजन के लिए हरियाणा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेलों इंडिया में बने 12 नेशनल रिकॉर्ड बताते हैं कि आयोजन कितना सफल रहा है। उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलंपिक भारत का सबसे अच्छा ओलंपिक रहा है, हरियाणा के नीरज चोपड़ा ने ही भारत को वहां गोल्ड दिलाया। विश्व बाक्सिंग चैंपियनशिप में भी हम तीसरे नंबर पर रहे हैं। हरियाणा भारत का स्पोर्टिंग सुपर पावर है। हमारा प्रयास पारंपरिक खेलों को अंतराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का है। खेलों में हरियाणा की उन्नति हुड्डा ने देश की नंबर 1 खिलाड़ी को हरा कर गेम जीता है। श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को मौके मिले। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया 2022 और खेलो इंडिया युनिवर्सिटी गेम्स 2022 भी जल्द ही आयोजित होंगे।

खेलो इंडिया से प्रदेश का नाम रोशन हुआ

समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने खेलो इण्डिया यूथ गेम्स 2021 में देश भर से आए सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों व जीत दर्ज करने वाले खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने खेलो इण्डिया यूथ गेम्स – 2021 के इस बड़े समागम की सफलता के लिए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल व उनकी पूरी टीम के साथ-साथ इस आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, वालन्टिर्यस और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। राज्यपाल ने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश का नाम रोशन हुआ और प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध हुई जिनका वे भविष्य में भी प्रयोग कर अपने खेल को और आगे बढ़ा सकेंगें।उन्होंने कहा कि खुशी इस बात की है कि इन खेलों में में अधिकतर लड़कियों ने भागीदारी की है। लड़कियों ने हर प्रतिस्पर्धा में बेहतर प्रदर्शन ही नहीं बल्कि कई राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़े है। उन्हें शुभकामनाएं देता हूँ।

हरियाणा बना खेलो इंडिया यूथ गेम्स का चौंपियन

उल्लेखनीय है कि हरियाणा के पंचकूला में आयोजित हुए खेलो इंडिया यूथ गेम में हरियाणा ने 52 गोल्ड के साथ पहला नंबर हासिल किया है और अपने प्रतिद्वंदी महाराष्ट्र को पछाड़ दिया है, जिसने  45 गोल्ड जीते हैं । महाराष्ट्र को इस बार 7 गोल्ड से हरियाणा ने पछाड़ने में कामयाबी हासिल की है। हरियाणा ने 52 गोल्ड, 39 सिल्वर और 46 कांस्य पदक लेकर कुल 137  पदक हासिल किए हैं जबकि महाराष्ट्र में 45 गोल्ड, 40 सिल्वर और 40 कांस्य पदक हासिल करके कुल 125 पदक  प्राप्त  किए है। इसी प्रकार, तीसरे नंबर पर कर्नाटक ने 22 गोल्ड, 17 सिल्वर और 28 कांस्य पदक हासिल करके कुल 67 पदक प्राप्त किए हैं।

समापन समारोह में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर अम्बाला से सांसद रतन लाल कटारिया, खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह, हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता और केन्द्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!