लियोंस कंपनी का सफाई ठेका रद्द किया जाए, नगर निगम में सफाई कर्मियों की हो सीधी भर्तीः छाबड़ा

कहा- 5 वर्ष के भाजपा राज में हुए करोड़ों के घोटाले की सिटिंग जज से जांच कराई जाए

CHANDIGARH: आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के राष्ट्रीय सह प्रभारी एवं पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने आज भाजपा, कांग्रेस व नगर निगम प्रशासन पर भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर हमला बोला। छाबड़ा ने कहा है कि लियोंस कम्पनी को तीन महीने के लिए फिर चंडीगढ़ में सफाई का ठेका देने के फैसले से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा, कांग्रेस व नगर निगम के संबंधित अधिकारियों के भ्रष्टाचार तथा मिलीभगत के कारण लियोंस कम्पनी का ठेका बढ़ाया गया है।

प्रदीप छाबड़ा ने एक बयान जारी कर कहा कि ठेके का फैसला नगर निगम की हाउस मीटिंग में एजेंडा लाकर होना था लेकिन एजेंडा न लाकर ठेके को सीधे तीन महीने के लिए बढ़ा देने का मतलब इसमें भ्रष्टाचार की जो बू शुरू से आ रही थी, वह सच साबित हो गई है। इस ठेके के आवंटन की सीधे तौर पर किसी सिटिंग जज से जांच कराई जानी चाहिए और इसमें सभी राजनीतिक पार्टियों के पार्षदों व नगर निगम के अधिकारियों की मिलीभगत की भी जांच होनी चाहिए, तांकि दूध का दूध व पानी का पानी हो सके।

छाबड़ा ने कहा कि हम लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं, क्योंकि जिस चंडीगढ़ नगर निगम के पास गाड़ियों में तेल डलवाने के लिए डेढ़ करोड़ रुपए न हों, वो नगर निगम तेरह करोड़ का ठेका सफाई कम्पनी को दे रहा है, समझ से परे है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी मांग करती है कि सफाई कर्मचारियों की नगर निगम में सीधी भर्ती की जाए व लियोंस कंपनी का ठेका रद्द किया जाए, तांकि चंडीगढ़ नगर निगम भ्रष्टाचार मुक्त हो सके। छाबड़ा ने यह भी कहा कि जनता पर लगाए गए करोड़ों के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है। चंडीगढ़ की जनता परेशान है और पार्षद व अफसर मजे कर रहे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!