कांग्रेस की कलह ने चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी को बढ़ाया मजबूती की ओरः छाबड़ा आप में शामिल, चावला ने दी शुभकामनाएं

CHANDIGARH: चंडीगढ़ की सियासत में आज बड़ा अहम उलटफेर हो गया। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं चंडीगढ़ के मेयर रहे प्रदीप छाबड़ा आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव के मुहाने पर खड़ी कांग्रेस के लिए यह बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है।

फरवरी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटा दिए जाने और फिर पार्टी में लगातार उपेक्षा से आहत होकर प्रदीप छाबड़ा ने गत 6 अगस्त को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। इससे एक दिन पहले चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बयानबाजी को लेकर प्रदीप छाबड़ा को पार्टी से निकालने की मांग कर डाली थी, जिसके बाद पार्टी ने छाबड़ा को पहले शोकॉज नोटिस देने का फैसला किया था लेकिन इस नोटिस के मिलने से पहले ही छाबड़ा ने कांग्रेस छोडऩे का ऐलान कर पार्टी को झटका दे दिया था। इसके बाद उनके समर्थक भी लगातार कांग्रेस छोड़ रहे हैं। अब तक दो दर्जन से ज्यादा छाबड़ा समर्थक कांग्रेस को अलविदा कह चुके हैं।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के मौके पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ प्रदीप छाबड़ा। इस दौरान चंडीगढ़ के आम आदमी पार्टी नेता प्रेम गर्ग व चंद्रमुखी शर्मा भी मौजूद थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल तथा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला प्रदीप छाबड़ा व उनके समर्थकों के निशाने पर हैं। वह पवन कुमार बंसल पर चंडीगढ़ में कांग्रेस को अपनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह चलाने का आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस की इस कलह का नतीजा अब यह हुआ है कि चंडीगढ़ में पहली बार नगर निगम चुनाव लडऩे का ऐलान कर चुकी आम आदमी पार्टी को आज यहां प्रदीप छाबड़ा के रूप में बड़ा चेहरा मिल गया। दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने खुद दिल्ली में प्रदीप छाबड़ा को चंडीगढ़ के आम आदमी पार्टी नेताओं की मौजूदगी में अपनी पार्टी में शामिल किया।

प्रदीप छाबड़ा के आम आदमी पार्टी में शामिल होने के मौके पर आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के संयोजक प्रेम गर्ग व नगर निगम चुनाव प्रभारी एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता चंद्रमुखी शर्मा भी मौजूद थे। प्रदीप छाबड़ा के आम आदमी पार्टी में शामिल होने से यहां आम आदमी पार्टी की बांछें खिल गई हैं। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहर में इस बड़े सियासी बदलाव पर जब चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला से प्रतिक्रिया ली गई तो वह प्रदीप छाबड़ा को शुभकामनाएं देने के अलावा कुछ नहीं बोले। चावला ने सिर्फ इतना कहा कि हम प्रदीप छाबड़ा के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!