कांग्रेस ने फूंका निगम चुनाव का बिगुल: लोगों की भीड़ ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सुना इमरान प्रतापगढ़ी को

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक की अगुवाई में मनीमाजरा में हुई पहली बड़ी जनसभा, निगम चुनाव में BJP का सूपड़ा साफ करने का आह्वान
इमरान बोले- देश को विभाजित करने की कोशिश कर रही भाजपा

CHANDIGARH: प्रख्यात शायर और कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने आज चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस का बिगुल फूंक दिया। इमरान प्रतापगढ़ी यहां मनीमाजरा में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक की अगुवाई में आयोजित की गई जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। बता दें कि नगर निगम चुनाव के सिलसिले में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की शहर में यह पहली बड़ी जनसभा थी, जिसमें कांग्रेस नेताओं को सुनने के लिए भारी भीड़ इकट्ठी हुई।

जनसभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया और कहा कि यह देश को विभाजित करने की कोशिश कर रही है और देश में एक सांप्रदायिक माहौल स्थापित करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया और चंडीगढ़ के लोगों से आगामी नगर निगम चुनावों में भाजपा को हराने का आह्वान किया। इमरान प्रतापगढ़ी ने भाषण के दौरान अपनी शेर-शायरियों से भी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोगों की भीड़ ने उन्हें तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सुना।

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने कहा कि भाजपा की कोई आर्थिक नीति नहीं है और देश के लोग उसकी गलत नीतियों के कारण पीड़ित हैं। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि भाजपानीत नगर निगम प्रशासन ने निगम के खजाने को खाली कर दिया है और शहर के लोगों से किए गए सभी वादों को भुला दिया है। जनसभा को वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष बंसल, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक, प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता एचएस लक्की, सादिक मोहम्मद, जेडपी खान, अहमद अली ने भी संबोधित किया और लोगों से इस बार के नगर निगम चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ करने का आह्वान किया।

error: Content can\\\'t be selected!!