कांग्रेस ने खत्म किया सांसद ढूंढो अभियान लेकिन भाजपा के विरुद्ध आंदोलन जारी रखने का ऐलान, जानिए सुभाष चावला ने क्या कहा कार्यकर्ताओं से

CHANDIGARH: स्थानीय भाजपा सांसद किरण खेर की बीमारी को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के खुलासे के बाद जैसी कि हमने कल उम्मीद जताई थी, प्रदेश कांग्रेस ने आज अपना सांसद ढूंढो अभियान खत्म कर दिया। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने पार्टी के नेताओं से सांसद ढूंढो अभियान खत्म करने के लिए कह दिया है। साथ ही भाजपा के खिलाफ चंडीगढ़ में अन्य मुद्दों को लेकर अपना आंदोलन जारी रखने का ऐलान करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इसके लिए तैयार रहने को कहा है।

किरण खेर को लगा गंभीर रोग…

पीएम मोदी चंडीगढ़ में किसी अन्य सांसद की जिम्मेदारी लगाएं

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने आज एक बयान जारी कर कहा कि अच्छा होता कि सांसद किरण खेर के बारे में जानकारी पहले ही सार्वजानिक कर दी जाती तो कम से कम डेढ़ साल से चंडीगढ़ की जनता सवाल न कर रही होती कि सांसद शहर में क्यों नहीं हैं ? चावला ने कहा कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस को इन परिस्थितियों में सांसद किरण खेर व उनके परिवार से पूरी सहानुभूति है। साथ ही कामना है कि वह जल्दी स्वस्थ हों लेकिन बीजेपी के नेताओं से सवाल भी है कि जैसा कि वह खुद मान रहे हैं कि किरण खेर को ठीक होने में अभी बहुत समय लगेगा तो उनकी गैरहाजिरी में क्या प्रबंध किया है ? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले लोकसभा चुनाव में कहा था कि वोट किरण को नहीं मुझे दीजिए तो अब उनको चाहिए कि वह किसी और सांसद की यहां जिम्मेदारी लगाएं, ताकि चंडीगढ़ के लोगों के सभी लटके हुए काम पूरे हो सकें।

भाजपा नैतिकता का ध्यान रखती तो कांग्रेस कार्यकर्ता न भड़कते

सुभाष चावला ने कहा कि कल चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने खुलकर मान लिया है कि पानी के रेट बढ़ाना हमारी गलती थी और अब प्रशासन मेरी सुनता ही नहीं है। नगर निगम को पहले ही पंगु बनाकर रख दिया गया है, इसलिए चंडीगढ़ के लोगों के लिए कुछ तो प्रबंध प्रधानमंत्री को करने ही पड़ेंगे। चावला ने कहा कि एक प्रार्थना मैं चंडीगढ़ बीजेपी अध्यक्ष से भी करना चाहता हूं कि आप भी थोड़ा नैतिकता का ध्यान रखा करें। कांग्रेस पार्षद सतीश कैंथ के पिता जी की मृत्यु के बाद भी आपने खुद और आपके साथियों ने उनके वार्ड में जो प्रदर्शन या कहें कि नौटंकी की, उससे परहेज करना चाहिए था। यह प्रदर्शन कुछ दिन रुक कर कर लेते तो शायद कांग्रेस के कार्यकर्ता न भड़कते और न ही किरण खेर का मसला भड़कता। सुभाष चावला ने कांग्रेस की तरफ से अन्य मुद्दों पर भाजपा के खिलाफ आंदोलन जारी रखने का ऐलान करते हुए कार्यकर्ताओं से इसके लिए तैयार रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ आगामी आंदोलन की रूपरेखा जल्द बनाई जाएगी।

error: Content can\\\'t be selected!!