राहुल गांधी को सजा के खिलाफ बिफरे चंडीगढ़ के कांग्रेसी, मोदी सरकार के विरुद्ध किया प्रदर्शन

तानाशाही व लोकतंत्र विरोधी नीतियां अपना रही मोदी सरकारः एचएस लक्की

CHANDIGARH, 23 MARCH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता आज अपने नेता राहुल गांधी को मानहानि के एक मामले में दोषी ठहराए जाने और दो साल की सजा सुनाए जाने की खबर सुनकर सेक्टर- 35 स्थित कांग्रेस भवन में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में इकठ्ठे हुए। उन्होंने भाजपा और मोदी सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की।

इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने मोदी सरकार पर तानाशाही और लोकतंत्र विरोधी नीतियों को अपनाने का आरोप लगाया। मोदी सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए लक्की ने कहा कि देश में कानून सम्मत शासन और संवैधानिक मूल्य लगातार क्षीण होते जा रहे हैं। लक्की ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी भ्रष्ट केंद्र सरकार को बचाने के लिए ऐसा कर रहे हैं, जिस पर देश में क्रोनी कैपिटलिज्म को बढ़ावा देने के संगीन आरोप हैं।

इस बीच, चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने सूरत की एक अदालत के फैसले को कानूनी तौर पर अमान्य और देश की न्याय प्रक्रिया के सिद्धांतों के खिलाफ बताते हुए कहा कि सुदूर कर्नाटक के कोलार में कुछ व्यक्तियों की भ्रष्ट गतिविधियों को उजागर करने के लिए राहुल गांधी द्वारा बोले गये एक छोटे से वाक्य की एवज में मुकदमा गुजरात में सूरत की एक अदालत में कैसे चलाया जा सकता है। उन्होंने भाजपा नेताओं द्वारा राहुल गांधी पर एक बेबुनियाद मुकदमा दायर करने के मामले को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का गला घोंटने का प्रयास करार दिया। देश की न्यायपालिका में अपना विश्वास व्यक्त करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने उम्मीद जताई कि ऊपर के न्यायालय सूरत कोर्ट के इस न टिकने वाले फैसले को पलट देंगे। कांग्रेस प्रवक्ता ने ऐलान किया कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस मोदी सरकार और भाजपा के ऐसे हथकंडों के आगे कभी नहीं झुकेगी और उनकी साम्प्रदायिक, भ्रष्ट और विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज पूरे जोर से उठाती रहेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!