लखीमपुर खीरी में प्रियंका गांधी समेत तमाम कांग्रेस नेताओं के साथ पुलिसिया व्यवहार के खिलाफ चंडीगढ़ में सड़क पर उतरे कांग्रेसजन

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला के नेतृत्व में किया जोरदार प्रदर्शन, मृतक किसानों को श्रद्धांजलि भी दी

CHANDIGARH: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत और हिंसा की घटना के बाद कांग्रेस की महासचिव प्रियंका ग़ांधी को गिरफ्तार करने, पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और कई कांग्रेस विधायकों को हिरासत में लेने तथा सांसद दीपेंदर हुड्डा के साथ कथित बदसलूकी किए जाने के विरोध में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला के नेतृत्व में आज देर शाम चंडीगढ़ के कांग्रेसजन सड़क पर उतर आए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

गौरतलब है कि कांग्रेस की महासचिव प्रियंका ग़ांधी, पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और कई कांग्रेस विधायक तथा सांसद दीपेंदर हुड्डा लखीमपुर खीरी में पीड़ित किसान परिवारों से मिलने जा रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया। इसके विरोध में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला के नेतृत्व में यहां देर शाम तमाम कांग्रेसजन हाथों में मोमबत्तियां तथा बैनर-पोस्टर लेकर सड़क पर उतर आए। उन्होंने लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि भाजपा के शासन में सरकार के खिलाफ आवाज उठाना भी आम जनता के लिए मुश्किल होता जा रहा है। सरकार विरोध की हर आवाज को कुचलने पर उतारू है। यह लोकतंत्र के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं। चावला ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र और आम नागरिकों के अधिकार खतरे में हैं। सरकार विरोध को दबाने के लिए पुलिस और जांच एजेंसियों का लगातार दुरुपयोग कर रही है। देश की जनता इस तानाशाही को अब और बर्दाश्त नहीं करेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!