मोदी के चंडीगढ़ दौरे पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शनः घरों व पार्टी दफ्तर की छत से लहराए भाजपा के चुनावी वायदों के पोस्टर

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांगे 11 सवालों के जवाब

CHANDIGARH, 24 AUGUST: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज न्यू चंडीगढ़ में एक कैंसर अस्पताल का उद्घाटन करने के लिए आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी वायदों को लेकर एक अनोखा अभियान शुरू किया। इसके तहत हाथों में तख्तियां-पोस्टर लहराते हुए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों के बाहर, घरों के ऊपर चढ़कर व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस दफ्तर की छत से मोदी तथा भाजपा के उन तमाम वायदों को उजागर किया, जो आज तक पूरे नहीं हुए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। चंडीगढ़ में कांग्रेस का यह एक ऐसा प्रदर्शन था, जिसे पुलिस चाहते हुए भी नहीं रोक पाई।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अभियान में शहर के झुग्गी-झोपड़ीवासियों ने भी भाग लिया।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने मांग की कि कानून में ऐसा संशोधन किया जाना चाहिए, जिससे चुनावी वायदों को पूरा न करने पर राजनीतिक दलों को दंडात्मक परिणाम भुगतने पड़ें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने प्रधानमंत्री मोदी से 11 सवाल भी किए।

अपने घर के बाहर मोदी व भाजपा के चुनावी वायदों के पोस्टर लेकर खड़े कांग्रेसजन।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने मोदी से किए ये सवाल ?

  1. मोदी जी, आप भारत के युवाओं को प्रत्येक वर्ष में 2 करोड़ नौकरियां कब देंगे?
  2. आप पेट्रोल पर शुल्क कब कम करेंगे, ताकि यह लोगों को 50 रुपए प्रति लीटर की दर से उपलब्ध हो पाए ?
  3. आप भारत में प्रत्येक परिवार को पक्के घर कब प्रदान करेंगे, जो आपने अगस्त 2022 तक बना कर आबंटित करने का वादा किया था ?
  4. आप 100 नए स्मार्ट शहरों का निर्माण कब पूरा करेंगे, जिन्हें आपने 2019 तक बनाने का वायदा किया था ?
  5. आप पड़ोसी देश चीन का सामना करने के लिए हिम्मत कब जुटा पाएंगे, जिसने कई भारतीय सैनिकों को मार डाला और भारतीय भूमि को हड़प लिया?
  6. आप कृषि उपज के न्यूनतम समर्थन मूल्य को वैधानिक अधिकार बनाने का बिल कब पास करवाएंगे, जैसा आपने किसानों से पिछले साल वायदा किया था?
  7. आप गंगा की सफाई कब करेंगे, जिसके लिए आपने हजारों करोड़़ रुपए आवंटित किए थे, जो सभी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुके हैं ?
  8. चुनावी बांड उच्च स्तरीय भ्रष्टाचार का बहुत बड़ा स्रोत है। आप कब घोटालों के स्रोत इन चुनावी बांडों को पारदर्शी बनाएंगे और दाताओं और प्राप्तकर्ताओं दोनों की जानकारी का जनता के सामने खुलासा करेंगे ?
  9. PM CARES फंड में जमा हुए हजारों करोड़ रुपयों का हिसाब देश के सामने ईमानदारी से कब रखेंगे ?
  10. डॉ. मनमोहन सिंह सरकार द्वारा शुरू की गई वरिष्ठ नागरिकों को रेल टिकट में 50% रियायत कब बहाल करेंगे ?
  11. भारतवासियों को अमेरिकी डॉलर 40 रुपए में कब मिलेगा, जैसा कि आपने और आपके साथियों ने 2014 में वायदा किया था ?

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस, चंडीगढ़ के लोगों तथा पूरे देश को इन सवालों के जवाब का इंतजार है।

error: Content can\\\'t be selected!!