चंडीगढ़ ट्राइसिटी में कोरोना ने पकड़ी चिंताजनक रफ्तार, एक दिन में 97 नए पॉजिटिव मामले सामने आए, जानिए कहां कितने केस मिले

CHANDIGARH: देशभर में कोरोना के मामलों में पुनः हो रही वृद्धि के बीच चंडीगढ़ ट्राइसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला व मोहाली) में भी कोरोना ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले तीन दिन से कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद आज पूरे ट्राइसिटी में कोरोना की दूसरी लहर के बाद पहली बार कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों की संख्या ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। कोरोना की रफ्तार इस तरह ही रही तो अगले कुछ दिनों में चंडीगढ़ ट्राइसिटी में लोगों को दोबारा कड़े प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।

चंडीगढ़ में आज कोरोना के 49 नए मामले रिकार्ड हुए हैं। दूसरी लहर थमने के बाद यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। चंडीगढ़ में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या अब 170 हो गई है, जबकि आज 8 पुराने मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। पंचकूला में आज 23 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। पूरे हरियाणा में आज कुल 428 नए केस रिकार्ड हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 280 गुरुग्राम के हैं। इसके बाद अंबाला में आज 30 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मोहाली में आज 25 नए कोरोना मामले सामने आए हैं। पूरे पंजाब की बात करें तो राज्य में आज 221 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा 71 मामले पटियाला में सामने आए हैं। यहां आज आम आदमी पार्टी सुप्रीमो एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का शांति मार्च भी आयोजित किया गया था, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी लेकिन मास्क व सोशल डिस्टैंसिंग बिल्कुल नदारद थी। कोरोना मरीजों के मामले में आज पठानकोट दूसरे नंबर पर रहा। यहां 37 नए मरीज मिले हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!