कोरोना संक्रमित हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला की तबियत में सुधार, अस्पताल से ही पार्टी प्रवक्ताओं के साथ की वर्चुअल मीटिंग, जानिए क्या कहा

CHANDIGARH: 22 दिन पहले कोरोना संक्रमित हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला की तबियत में अब सुधार है। चावला ने आज अस्पताल से ही प्रदेश कांग्रेस के चारों प्रवक्ताओं के साथ वर्चुअल मीटिंग की। साथ ही पार्टी गतिविधियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

26 मार्च को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे सुभाष चावला

गौरतलब है कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला 26 मार्च को कोरोना संक्रमित हो गए थे। इसके बाद वह सेक्टर-23 स्थित अपने घर पर ही आइसोलेशन में थे लेकिन तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें पहले एक प्राइवेट नर्सिंग होम में, फिर मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेहतर इलाज के बाद अब चावला की तबियत में सुधार हुआ है। अगले कुछ दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। इस बीच पार्टी व शहरवासियों की चिंता भी वह लगातार करते रहे। आज सुभाष चावला ने डॉक्टरों से अनुमति मिलने के बाद अस्पताल से ही चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के चारों प्रवक्ताओं एचएस लक्की, पार्षद गुरबख्श रावत, सतीश कुमार कैंथ व हरमेल केसरी के साथ वर्चुअल मीटिंग की।

लॉकडाउन में जरूरतमंदों की हर संभव मदद करें कार्यकर्ता

इस वर्चुअल मीटिंग के दौरान सुभाष चावला ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता वीकेंड लॉकडाउन के दौरान चंडीगढ़ में लोगों को आ रही समस्याओं को दूर करें तथा जरूरतमंद लोगों की हर संभव मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को ऐसे समय के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए और इस मुश्किल समय में अपने एरिया में रह रहे लोगों के लिए मददगार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा वीकेंड लॉकडाउन बिना किसी रणनीति के लगाया गया है। इसके कारण लोगों, खास तौर से गरीब व निम्न मध्यम वर्गीय परिवारों को दिक्कत का सामना करना पड़ा है।

error: Content can\\\'t be selected!!