केंद्र से लेकर चंडीगढ़ तक सत्ता में रहकर सोसाइटियों की समस्याएं हल नहीं करा पाए, अब निगम चुनाव में वोट के लिए लोगों को गुमराह कर रहे कांग्रेस नेता: चंद्रमुखी शर्मा

CHANDIGARH: आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ की नगर निगम चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष चंद्रमुखी शर्मा ने आज पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल पर चंडीगढ़ के लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता जब केंद्र व चंडीगढ़ नगर निगम की सत्ता में थे तो वे लोगों की मांगें पूरी करने व समस्याएं हल कराने में पूरी तरह विफल रहे लेकिन अब नगर निगम चुनाव में वोट हासिल करने के लिए भ्रामक बयानबाजी कर रहे हैं और मगरमच्छ के आंसू टपका रहे हैं।

चंद्रमुखी शर्मा ने आज एक बयान जारी कर कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने कल चंडीगढ़ में एक चुनावी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर के लोगों से कांग्रेस को नगर निगम की सत्ता में लाने का आह्वान किया तथा कहा कि हम चंडीगढ़ के को-आपरेटिव हाउसिंग सोसाइटियों के निवासियों की समस्याओं से अच्छी तरह वाकिफ हैं, जबकि पवन बंसल सत्ता में रहते हुए उनकी समस्याओं को हल करने में पूरी तरह विफल रहे लेकिन अब नगर निगम चुनाव सामने देखते हुए झूठे प्रचार का सहारा ले रहे हैं।

चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि को-आपरेटिव हाउसिंग सोसाइटियों के आंतरिक रखरखाव का मुद्दा 2009 से लंबित है। सोसाइटियां अपनी आंतरिक सड़कों, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति और स्वच्छता का प्रबंधन खुद कर रही हैं लेकिन पवन बंसल ने केंद्र सरकार में मंत्री होने के बावजूद इस मुद्दे को हल कराने के लिए कुछ नहीं किया। हर चुनाव में उन्होंने इन सभी चीजों का वादा किया लेकिन कोई भी पूरा नहीं किया।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता चंद्रमुखी शर्मा ने चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला को भी आड़े हाथ लिया है। शर्मा ने कहा कि इसी कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने दावा किया कि उन्होंने सोसाइटियों के निवासियों की समस्याओं को दूर करने के लिए एक टीम बनाई है और वे उसी के अनुसार उन्हें हल करने की योजना बनाएंगे। यह दिखाता है कि जब सुभाष चावला चंडीगढ़ के मेयर रह चुके हैं तो शहर के निवासियों की समस्याओं से कैसे अनजान हैं। इस कार्य के लिए एक और समिति बनाने के बजाय उन्हें पवन बंसल से ही पूछ लेना चाहिए, क्योंकि लोगों ने अपनी समस्याओं के बारे में कई बार उन्हें अवगत करवाया है और वे लोकसभा चुनावों के दौरान उन्हें हल करने का वायदा भी करते रहे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!