AAP द्वारा आर-पार की लड़ाई के ऐलान के बाद बातचीत की टेबल पर आई CPDL

गांव कैम्बवाला, खुड्डा अलीशेर और खुड्डा लाहौरा में जनशिकायत निवारण कैंप लगाएगी बिजली कंपनी

अब सभी उपभोक्ताओं को बिजली के बिल घर-घर वितरित किए जाएंगे, जिन उपभोक्ताओं को पहले बिल प्राप्त नहीं हुए हैं, उनसे जुर्माना नहीं लिया जाएगा

CHANDIGARH, 25 MARCH (ANewsoffice): चंडीगढ़ में बिजली विभाग के निजीकरण से उपभोक्ताओं को लगातार हो रही परेशानियों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) की चंडीगढ़ ग्रामीण इकाई द्वारा चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (CPDL) के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किए जाने के बाद CPDL बातचीत की टेबल पर आ गई। CPDL के अधिकारियों ने अब उपभोक्ताओं को खास तौर से बिजली बिल के संबंध में हो रही परेशानियों का तुरंत समाधान करने का आश्वासन दिया है।

AAP के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह ने बताया कि मंगलवार को AAP के चंडीगढ़ नेतृत्व के साथ CPDL के अधिकारियों की हुई महत्वपूर्ण बैठक में चंडीगढ़ के निवासियों को मिल रहे गलत और बढ़े हुए बिजली बिलों के मुद्दे को लेकर विशेष तौर पर बातचीत हुई। इस दौरान CPDL के अधिकारियों ने सहमति दी कि गांव कैम्बवाला, खुड्डा अलीशेर और खुड्डा लाहौरा में जन शिकायत निवारण कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर के पास ही किया जा सके। इसके अलावा सभी उपभोक्ताओं को बिजली के बिल घर-घर जाकर वितरित किए जाएंगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी। साथ ही जिन उपभोक्ताओं को पहले बिल प्राप्त नहीं हुए हैं, उनसे किसी भी प्रकार का जुर्माना (पेनल्टी) नहीं लिया जाएगा।

विजय पाल सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ AAP लगातार लोगों की आवाज उठाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अगर किसी भी निवासी को बिजली और बिल से संबंधित कोई समस्या आएगी तो AAP उसके समाधान के लिए हमेशा साथ खड़ी रहेगी। जनता के हक की लड़ाई जारी रखेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!