कहा- JERC के निर्देश पर ही मासिक बिलिंग चक्र में बदला गया है दो महीने वाली बिलिंग प्रणाली को
CHANDIGARH, 1 APRIL (ANewsoffice): आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा आज चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (CPDL) के सेक्टर-34 स्थित दफ्तर पर किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद CPDL ने अपना स्पष्टीकरण जारी किया है। ANewsoffice.com को भेजे गए स्पष्टीकरण में CPDL ने कहा है कि AAP के एक प्रतिनिधिमंडल, जिसका नेतृत्व इसकी चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष विजय पाल सिंह कर रहे थे, ने 24 मार्च-2026 को सेक्टर-34 स्थित CPDL कार्यालय में CPDL प्रबंधन से मुलाकात की थी। इस दौरान AAP प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल को सूचित किया गया था कि CPDL ने ज्वाइंट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (JERC) के निर्देश का पालन करते हुए ही दो महीने वाली बिलिंग प्रणाली को मासिक बिलिंग चक्र में बदला है। CPDL का कहना है कि एक महीने में दो बिलों के मुद्दे पर AAP प्रतिनिधिमंडल को यह भी स्पष्ट किया गया था कि ये बिल खपत की दो अलग-अलग अवधियों, जनवरी और फरवरी के लिए थे। इनमें कोई दोहराव नहीं है।
CPDL का कहना है कि AAP प्रतिनिधिमंडल को बिजली टैरिफ में बढ़ोतरी के संबंध में भी स्पष्ट रूप से बताया गया था कि CPDL सिर्फ एक बिजली वितरण कंपनी है और वह बिजली के टैरिफ निर्धारित नहीं करती है। बिजली दरें, जिनमें केंद्र शासित प्रदेश (UT) में होने वाली कोई भी बढ़ोतरी भी शामिल है, ज्वाइंट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (JERC) द्वारा ही निर्धारित की जाती हैं। बिजली की दरों में वृद्धि से CPDL का कोई ताल्लुक नहीं है।
स्पष्टीकरण में यह भी कहा गया है कि बिजली बिलों की डिलीवरी में देरी के संबंध में CPDL ने अपनी बिल वितरण प्रणाली को अब और अधिक सुदृढ़ किया है। साथ ही WhatsApp पर बिल प्राप्त करने के लिए एक अतिरिक्त डिजिटल व्यवस्था भी विकसित की गई है। इसके अलावा उपभोक्ताओं के सरोकारों को और बेहतर ढंग से संबोधित करने तथा शिकायतों के बेहतर निवारण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से CPDL ने विभिन्न इलाकों में शिविर (कैंप) आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा है, ताकि उपभोक्ताओं की सहायता की जा सके और यदि उनके कोई प्रश्न या शंकाएं हैं तो उनका समाधान किया जा सके।

