दीपा दुबे ने अनुराग ठाकुर से किया सवालः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद कब करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस ?

कहा-लोगों को ‘मन की बात’ सुनाने वाले प्रधानमंत्री ने 11 साल में ‘जन की बात’ और उनके सवालों के जवाब क्यों नहीं दिए

CHANDIGARH, 10 JUNE: चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष दीपा दुबे ने मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर आज चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस करने आए भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से प्रश्न किया है कि 11 साल बीत गए लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने देश में एक भी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की। वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कब करेंगे ? देश के नागरिकों को ‘मन की बात’ सुनाने वाले प्रधानमंत्री मोदी 11 साल तक ‘जन की बात’ और उनके सवालों से भागते क्यों रहे, क्यों नहीं खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस करके देश को पिछले 11 साल का अपनी सरकार का हिसाब देते ?

दीपा दुबे ने एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी जनता के जवाब देने से बच रहे हैं। दीपा दुबे ने केंद्र सरकार के पूर्व मंत्री अनुराग ठाकुर से यह भी सवाल किया है कि चंडीगढ़ नगर निगम आर्थिक तंगी से गुजर रहा है, भाजपा शासित नगर निगम की मेयर आए दिन वित्तीय ग्रांट को लेकर केवल घोषणा करती रहती हैं, जबकि वास्तविक धरातल पर कुछ नहीं है। कर्मचारी नौकरी से निकाले जा रहे हैं, वेतन देने के लिए पैसे तक नहीं है, वित्तीय स्थिति नगर निगम की इतनी बिगड़ गई है कि केंद्र सरकार से जो ग्रांट आती है वह ऊंट के मुंह में जीरे के समान साबित हो रही है लेकिन भाजपा नेता इन मुद्दों पर क्यों चुप्पी साधे हुए हैं ?

दीपा दुबे ने कहा कि मोदी डरते हैं कि कहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे बेरोजगारी, महंगाई, गरीबी, महिला सुरक्षा, गिरता रुपया, डांवाडोल अर्थव्यवस्था, आर्थिक असमानता, मणिपुर, पुलवामा से लेकर पहलगाम तक के मुद्दों पर सवाल न पूछ लिए जाएं। हर मोर्चे पर फेल रही भाजपा सरकार की सच्चाई जनता के सामने न आ जाए। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करते। दीपा दुबे ने कहा कि मोदी ओर उनकी पार्टी के नेता लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रहे हैं। न जनता के सवालों के जवाब दे रहे हैं, न देश के प्रति जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!